मेरठ।   श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम 22 जनवरी को एक लाख परिवारों के घरों में राम नाम के लड्डू का प्रसाद बांटने की तैयारी कर रहे हैं। प्राण प्रतिष्ठा समारोह को भव्य और आमजन तक भगवान का प्रसाद पहुंचाने के लिए कैंट स्थित आवास पर पिछले चार दिन से तैयारी चल रही है।

संगीत सोम ने बताया कि एक लाख परिवार को प्रसाद बांटने के लिए करीब 100 लोगों की टीम काम कर रही है। संगीत सोम की टीम राम नाम के लड्डू भोग प्रसाद के तौर पर बांटेंगे। चार दिनों से मेरठ के कैंट स्थित आवास पर 15 भट्ठियों पर दिन-रात लड्डू बनाने का काम चल रहा है। पूर्व विधायक संगीत सोम राम भक्तों के साथ मिलकर खुद लड्डू बनाने में लगे हैं।

संगीत सोम का कहना है कि पांच-पांच लोगों की टीम लड्डू बांटने का काम करेंगी। कई सौ वर्षों से भक्तों को प्राण-प्रतिष्ठा का बेसब्री से इंतजार है। भाजपा नेता संगीत सोम 22 जनवरी को भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देनजर मेरठ में एक लाख लड्डुओं के पैकेट का भोग लगाएंगे। भगवान श्रीराम को भोग लगाने के बाद प्रसाद का वितरण किया जाएगा।