बरेली। वन विभाग चौकी और गॉडविन विद्यालय के बीच रात करीब 12 बजे के आसपास बाइक सवार भाजपा नेता हाईवे पर यू टर्न ले रहे थे। इसी दौरान वह दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए।

बहेड़ी के मोहल्ला महादेवपुरम के रहने वाले संजय सिंघानिया भाजपा युवा मोर्चा के नगर उपाध्यक्ष थे। बृहस्पतिवार रात वह घर लौट रहे थे। हाईवे पर यू-टर्न लेते वक्त किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसी दौरान सामने से आया दूसरा वाहन उन्हें कुचलते हुए निकल गया। जिस से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया। वह मूल रूप से लखनपुर गांव के रहने वाले थे और नगर के मोहल्ला महादेवपुरम में किराये के मकान में वर्षों से रह रहे थे।

रात करीब पौने बारह बजे वह अपने घर से हाईवे के लिए निकले थे। वह अपने पीछे दो भाई, एक बहन और माता-पिता को रोता बिलखता छोड़ गए हैं। उनके निधन पर पूर्व मंत्री छत्रपाल सिंह, नगर पालिकाध्यक्ष रश्मि जायसवाल, चौधरी आराम सिंह, राहुल गुप्ता, मोहन सिंह, अमरिंदर सिंह गोल्डी, ब्लाक प्रमुख ने शोक जताया।