शामली। भाजपा के झिंझाना मंडल अध्यक्ष को कैराना पुलिस द्वारा कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया था जिस पर झिंझाना मंडल के भाजपा पदाधिकारियो द्वारा नगर पंचायत में मीटिंग का आयोजन किया गया । मीटिंग मे जिलाध्यक्ष के समक्ष परिजनो ने मंडल अध्यक्ष के निर्दाेष होने की बात बतायी और कहा कि पुलिस द्वारा साजिश के तहत मंडल अध्यक्ष को जेल भेजा गया है। जिलाध्यक्ष द्वारा मामले की जांच कर कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है।
भाजपा के झिंझाना मंडल अध्यक्ष रविन्द्र कश्यप को शुक्रवार की दोपहर कैराना पुलिस द्वारा छ: वर्ष पूर्व कैराना के चर्चित गुढ्ढी हत्याकांड मे कोर्ट में पेश नही होने पर घर से गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया था। देर शाम सत्ताधारी पार्टी के मंडल अध्यक्ष रामेन्द्र उर्फ रविन्द्र कश्यप को पुलिस द्वारा जेल भेजने की खबर आग की तरह फैल गयी जिसके बाद भाजपाइयों के फोन खनखनाने लगे, जिसमें परिजनो ने रामेन्द्र उर्फ रविंद्र कश्यप को निर्दाेष बताते हुए साजिश का शिकार होना बताया।
झिंझाना भाजपा मंडल के पदाधिकारियों की एक बैठक शनिवार को नगर पंचायत मे बुलाई गयी। बैठक मे जिलाध्यक्ष सतेन्द्र तोमर के समक्ष परिजनो द्वारा बताया गया कि मंडल अध्यक्ष रविन्द्र के परिवार की महिमा गुढ्ढी की चार अप्रैल 2016 मे हत्या कर दी गयी थी। जिसमे हत्यारों ने साजिश के तहत रामेन्द्र व अंकुश का नाम हत्याकांड मे शामिल होना बताया था जिसमे पूर्व सासंद स्वर्गीय बाबू हुकुम सिंह द्वारा मामले को प्रमुखता से उठाया गया था। पूर्व गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी आये थे और मामले की सीबीसीआईडी जांच के आदेश दिये थे। सीबीसीआईडी की जांच मे अंकुश एवं रामेन्द्र उर्फ रविन्द्र कश्यप को निर्दाेष बताया गया था।
परिजनो ने बताया कि सरकार द्वारा हत्याकांड में निर्दाेष साबित होने पर रामेन्द्र व अंकुश को एक एक लाख रुपये अनुदान सहायता के तौर पर दिये गये थे लेकिन सीबीसीआईडी की जांच मे निर्दाेष एवं अनुदान के बाद भी कोर्ट के आदेशानुसार कैराना पुलिस द्वारा भाजपा मंडल अध्यक्ष रविन्द्र कश्यप को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग भी सामने रखी।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सतेन्द्र तोमर, जिला मंत्री दिवाकर कश्यप, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सतपाल सिंह, राजकुमार शर्मा, बंटी तोमर, छोटू सैनी, जितेन्द्र चौहान, अक्षय चौहान, सतीश कश्यप, ऋतु गुप्ता, नीलम नामदेव, केतन कश्यप, राहुल गुप्ता, विनोद रुहेला सहित भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।