नई दिल्ली. बढ़ता वजन लोगों के लिए बड़ी समस्या का कारण बना हुआ है। वजन को कम करने के लिए लोग तरह-तरह के उपाय करते रहते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आप भी अधिक वजन की समस्या के शिकार हैं तो इस समस्या को गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। बढ़ा हुआ वजन कई प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है, विशेषकर ऐसे लोगों में डायबिटीज और हृदय रोगों के विकसित होने का जोखिम अधिक होता है। यही कारण है कि सभी लोगों को उचित वजन बनाए रखने पर ध्यान देते रहना चाहिए। इसके लिए आहार का विशेष ख्याल रखना बहुत आवश्यक हो जाता है।
क्या आप जानते हैं कि ब्रेड भी वजन कम करने में आपकी मदद कर सकते हैं? इसमें कोई दो राय नहीं है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ बेहतर स्वास्थ्य के लिए सभी लोगों को सामान्य ब्रेड वाली चीजों से परहेज करने की सलाह देते है, पर कुछ प्रकार के ब्रेड आपकी सेहत के लिए फायदेमंद भी हो सकते हैं। कुछ प्रकार के ब्रेड का सेवन न सिर्फ आपको शक्ति प्रदान करने में सहायक हैं साथ ही वजन कम करने की कोशिश में लगे लोगों को भी इससे लाभ मिल सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ व्हाइट ब्रेड को शरीर के लिए नुकसानदायक मानते हैं। सामान्य तौर पर पिज्जा, सैंडविच या नाश्ते के लिए प्रयोग में लाए जाने वाले व्हाइट ब्रेड शरीर के लिए कई प्रकार से नुकसानदायक हो सकते हैं। असल में व्हाइट ब्रेड, रिफाइंड अनाज से तैयार किया जाता है और इसमें कार्ब्स की मात्रा अधिक होती है। ग्लाइसेमिक इंडेक्स में भी इसे अधिक पाया गया है जो आपके ब्लड शुगर के लेवल को बढ़ा सकता है। 9,267 लोगों के एक अध्ययन में पाया गया कि प्रतिदिन सफेद ब्रेड के दो स्लाइस (120 ग्राम) खाने से वजन बढ़ने और मोटापे का जोखिम 40% अधिक हो सकता है।
विज्ञापन
अगर आप वजन कम करने की कोशिश में लगे हुए हैं और नाश्ते में ब्रेड को शामिल करना चाहते हैं तो इसके लिए होल-ग्रेन ब्रेड का सेवन करना अच्छा विकल्प हो सकता है। होल-ग्रेन ब्रेड में अनाज और चोकर की मात्रा होती है जिससे शरीर को अधिक मात्रा में फाइबर प्राप्त हो सकता है। ऐसे में इसे आहार में शामिल करना आपके वजन को बढ़ने से रोकने में सहायक हो सकता है। वजन कम करने के लिए फाइबर वाली चीजों का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है।
हेल्दी ब्रेड का करें चयन
ओट ब्रेड भी वजन को कम करने की आपकी योजना में सहायक हो सकता है। यह फाइबर, मैग्नीशियम, विटामिन बी1, आयरन और जिंक से भरपूर होता है। इसमें मौजूद फाइबर की मात्रा रक्त शर्करा को नियंत्रित करने, उच्च रक्तचाप को कम करने और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को प्रबंधित करने में मदद करता है। ब्लड शुगर का स्तर कम रहने से वजन को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, ब्रेड से सुबह का नाश्ता जल्दी बन जाता है, ऐसे में यह लोगों के लिए आसान और पसंदीदा रहे हैं, पर ब्रेड किस चीज से बने हैं इसपर विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। हमेशा अनाज वाले ब्रेड का ही सेवन करना चाहिए। सफेद ब्रेड में कार्ब्स और शुगर की मात्रा अधिक होती है ऐसे में इससे बचाव किया जाना चाहिए। वजन कम करने के लिए ब्रेड के साथ हरी सब्जियों और खूब सारे सलाद का नाश्ता करना बेहतर माना जाता है।