अमरोहा। अमरोहा में 20 वर्षीय युवती की हार्ट अटैक से मौत हो गई। दुर्भाग्य ये कि दफीने के लिए घर पहुंची गमजदा फूफी भी सदमे को बर्दाश्त न कर सकी और दिल के दौरे से उसकी भी जान चली गई। परिवार में एक साथ हुई दो मौतों से कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में शवों को सुपुर्दे खाक किया गया। शहर के मोहल्ला बड़ी बेगम सराय निवासी यासीन की 20 वर्षीय बेटी फरहीन का निकाह एक माह बाद दिल्ली निवासी युवक संग होना था। मंगनी के बाद से परिजन निकाह की तैयारियों में जुटे थे।

इसी बीच गुरुवार शाम फरहीन घर पर ही भोजन बनाने के लिए प्याज छील रही थी। बताया जाता है कि अचानक उसे दिल का दौरा पड़ा और वह अचेत होकर गिर पड़ी। परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इस दुखद घटना की जानकारी होने पर परिजनों को ढ़ांढ़स बंधाने के लिए रिश्तेदार भी जुट गए।

बताया गया कि फरहीन के घर बिजनौर के शेरकोट निवासी 55 वर्षीय उसकी फूफी फूल बी पत्नी बाबू भी पहुंची थी। वह भी फरहीन की मौत के सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उन्हें भी दिल का दौरा पड़ गया। आसपास मौजूद परिजन उन्हें भी उपचार के लिए लेकर दौड़े लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

चंद घंटों के भीतर परिवार में हुई दो मौतों से कोहराम मच गया। फूल बी के अन्य परिजन भी शेरकोट से यहां आ पहुंचे और शव को दफीने के लिए अपने साथ पैतृक शहर ले गए। शुक्रवार सुबह गमगीन माहौल में उनका दफीना वहीं कर दिया गया। वहीं फरहीन का दफीना गुरुवार देर रात ही शहर में ही पुश्तैनी कब्रिस्तान में कर दिया गया।

जिस घर में बेटी फरहीन को सुर्ख जोड़े में सजाने की तैयारी चल रही थी, उसी चौखट से उसकी विदाई कफन में लिपटकर हुई। परिजनों के सारे अरमान नियति के आगे बिखर कर रह गए। वे फूट-फूटकर रोते नजर आए। कुछ ही घंटों के भीतर हुई फरहीन और उसकी फूफी फूल बी की मौत की खबर जिसने भी सुनी, उसकी आंखें नम हो गईं।

पेशे से टैक्सी चालक शहर के मोहल्ला बड़ी बेगम सराय निवासी यासीन के परिवार में पत्नी परवीन के साथ ही तीन बेटियां व दो बेटे हैं। बड़ी एक बेटी की पहले ही शादी हो चुकी है जबकि दोनों बेटे भी रोजगार संग जुड़े हैं। इस बीच बीते दिनों दूसरे नंबर की बेटी फरहीन का रिश्ता दिल्ली निवासी एक युवक संग तय हुआ था, मंगनी की रस्म भी की जा चुकी थी। पूरा परिवार मिलकर बकरीद के बाद होने वाले निकाह की तैयारियों में जुटा था। खुद फरहीन भी खुश थी।

घर-परिवार की जिम्मेदारियों संग अपने निकाह की तैयारियों को लेकर भी वह सबका हाथ बंटा रही थी। इस बीच गुरुवार शाम हुई एक अनहोनी ने पूरे परिवार की खुशियों को बिखेर कर रख दिया। परिजनों की माने तो पहले कभी फरहीन को कोई बीमारी नहीं थी। गुरुवार शाम घर में ही प्याज छीलते वक्त उसके बेहोश होने के बाद एक बारगी वह भी नहीं समझ सके कि आखिर हुआ क्या है। अस्पताल में जांच के बाद जब चिकित्सक ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया तो परिवार के लोग भी सन्न रह गए।

वहीं इसके कुछ ही घंटों बाद यहां पहुंची गमजदा फूफी फूल बी की मौत ने परिवार को और भी ज्यादा तोड़ दिया। मोहल्लेवासी भी युवती और उसकी फूफी की अचानक इस तरह हुई मौत के बाद हैरान दिखे। हर कोई मौत के कारणों पर चर्चा करने संग गमजदा परिजनों को ढ़ांढ़स बंधाता नजर आया।