मेरठ. मेरठ में बिना नक्शा पास किए बन रही अवैध कालोनी को ध्वस्त कर दिया गया। बुधवार को मेरठ विकास प्राधिकरण की टीम ने अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। इसमें गलत तरीके से बन रहे मकानों और कॉलोनियों को ढहाया गया।
मिशन 7 अभियान चलाया
शहर में सात अलग-अलग जगहों पर एमडीए की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची। एमडीए ने इसे मिशन 7 नाम दिया। मिशन सेवन में अवैध कालोनी, अवैध दुकान, मकान का निर्माण रोककर उसे ढहाया गया है। इसमें पल्लवपुरम, रुढ़की रोड, मवाना रोड, बागपत रोड, गंगानगर, दिल्ली रोड में अवैध निर्माण गिराए गए।
बिना नक्शा पास किए बन रही थी कॉलोनी
पल्लवपुरम के उल्देपुरम में 4 हजार वर्ग मीटर में बिना नक्शा पास किए कॉलोनी खड़ी की जा रही थी। एमडीए की टीम को किसी ने कॉलोनी बनने की सूचना दी थी। कुछ दिन पहले मिली सूचना के बाद टीम लगातार कॉलोनी से जुड़ी जानकारी जुटा रही थी।
पता चला कि अभी तक कालोनी का नक्शा पास नहीं है और इसे बनाया जा रहा है। तब एमडीए की टीम बुधवार को बुलडोजर लेकर पहुंची और अवैध निर्माण गिराया।