मेरठ. मेरठ के मलियाना में नगर निगम ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम ने अपनी सरकारी जमीन पर बने मकानों को गिराया है। मलियाना क्षेत्र में सरकारी जमीन को कब्जा कर कुछ लोगों ने उस पर दो मंजिला मकान बना लिए। नगर निगम ने इन मकानों पर बुलडोजर चलवाकर एक्शन लिया है।
शुक्रवार को नगर निगम की टीम मलियाना पहुंची और जमीन खाली कराई। यहां 1520 स्क्वायर मीटर जमीन को निगम ने खाली कराया है। लोगों ने अवैध रूप से मकान बना लिए हैं। भारी पुलिस फोर्स के साथ टीम मकान गिराने पहुंची और 8 मकानों को ढहाया।
योगी सरकार 2.0 में लगातार अवैध निर्माण और सरकारी जमीन पर कब्जों पर बुलडोजर चल रहा है। मेरठ नगर निगम भी अपनी सरकारी जमीनों को चिन्हित कर उनसे कब्जे हटवा रही है। जांच में नगर निगम को पता चला कि निगम की मलियाना में जो जमीन है उस पर दो मंजिला मकान बन चुके हैं। जांच के बाद मौका मुआयना करने पहुंची टीम को वहां मकान बने मिले जिन्हें निगम ने ढहाया है।
निगम की जमीन पर आम जनता ने दोमंजिला मकान कैसे बना लिए यह देखकर कार्रवाई करने वाली टीम भी चौंक गई। तब पता चला कि विभागीय बाबूओं की मिलीभगत और भ्रष्टाचार के कारण यह सब हुआ। सालों से यह जमीन खाली पड़ी थी। बाबूओं ने चुपचाप जमीनों को आबंटित कर वहां कब्जा करा दिया। कुछ स्टाफ रिटायर हो गए और जो है वो भी खामोश रहा। अब कब्जों की जांच शुरू हुई तो यह भ्रष्टाचार सामने आया है।