मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर आएंगे। उनके यहां दोपहर 12 बजे के करीब पहुंचने की संभावना है। वह यहां आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में भाजपा गोरखपुर क्षेत्र की बैठक में शामिल होंगे।

बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राष्ट्रीय मंत्री व गोरखपुर क्षेत्र के संगठन प्रभारी अरविंद मनन भी रहेंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री, नगर निगम परिसर में आयोजित विकास दीपोत्सव कार्यक्रम में भी शामिल हो सकते हैं। देर शाम वह लखनऊ लौट सकते हैं।

गोरखपुर क्षेत्र में विधानसभा की 62 सीटें हैं। 2017 के चुनाव में भाजपा ने अकेले 44 सीटें जीती थीं। दो सीटों पर सहयोगी दल के प्रत्याशियों को जीत मिली थी। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मिशन 2022 को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री व पार्टी नेतृत्व ने बैठक बुलाई है। इसमें 286 मंडलों के अध्यक्ष व उसके प्रभारी हिस्सा लेंगे। जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी भी बैठक में आएंगे।

सबको आगामी विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाने का मंत्र दिया जाएगा। 31 सदस्यीय क्षेत्रीय कार्य समिति भी बैठक का हिस्सा रहेगी। भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री प्रदीप शुक्ला ने बुधवार को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय महामंत्री का कहना है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।