मेरठ। उत्तराखंड और हिमाचल के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ का असर पश्चिमी उप्र के मैदानी जनपदों में पड़ना शुरू हो गया है। आज मेरठ जनपद के साथ ही आसपास के जिलों में आसमान में बादल छाए हैं। जिसके चलते आज तापमान कुछ कम और गर्मी में राहत की उम्मीद की जा रही है। हालांकि कल रविवार को भीषण गर्मी में मेरठ का तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया था।

वहीं एनसीआर के जिलों का तापमान 45 डिग्री तक पहुंचा था। जबकि राजधानी दिल्ली में एक दो स्थानों पर तापमान 49 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान में बादलों के रहने से गर्मी कुछ कम होगी और तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि आज सुबह से हवा की रफ्तार बहुत कम हैं जिसके चलते उमस लोगों को परेशान कर रही है।

उमस के कारण लोगों को पसीना निकलना कम नहीं हो रहा है। पूरे रविवार को गर्मी का प्रचंड प्रकोप रहा। सड़के पूरी तरह से सूनसान हो गई और लोगों ने रविवार की छुटटी का आनंद घर में ही लिया। गर्मी के कारण बाजारों में भी भीड़भाड़ काफी कम हो गई है।

बता दें कि इस बार मेरठ में मई के शुरूआती दिनों में तापमान में कम रहा। लेकिन इसक उलट अप्रैल में गर्मी ने पिछले कई दशकों का रिकार्ड तोड़ दिया। इस बार अप्रैल में 15 दिन तापमान 40 डिग्री से ऊपर ही बना रहा। मई के शुरूआती दिनों पश्चिमी विक्षोभ के चलते गर्मी में राहत महसूस की गई थी। लेकिन अब इस समय आधी मई के बीच गर्मी अपने पूरे प्रकोप पर है।