बुलंदशहर. यूपी विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होने वाला है। इस बीच भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस सहित सभी राजनीतिक दलों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में बुधवार को सीएम योगी आदित्‍यनाथ बुलंदशहर में थे। यहां गुलावठी में जनसंवाद कार्यक्रम को सम्‍बोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि 2013 में जब मुज़फ़्फ़रनगर का दंगा हुआ था तब लखनऊ वाला लड़का सत्ता में था और हत्या करवा रहा था। तब दिल्ली वाला लड़का कहता था कि दंगाईयों के ख़िलाफ ज़्यादा कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। ये लोग नए कवर के साथ फिर से आ गए हैं, माल वही है लेकिन लिफाफा नया है।

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि 2017 में उत्‍तर प्रदेश में आतंक का माहौल था। इस चुनाव में यह जो दो लड़कों की जोड़ी आई है ये 2014 और 2017 के चुनाव में भी बनी थी। उन्‍होंने कहा कि मुजफ्फरनगर में सचिन और गौरव की हत्या हुई थी। उस वक्‍त इनमें से एक लड़का लखनऊ में सत्‍ता में था। लखनऊ वाला लड़का दंगाइयों को बुलाकर सम्मानित कर रहा था जबकि दिल्ली वाला लड़का दंगाइयों का बचाव कर रहा था। मुख्‍यमंत्री ने कहा कि विश्‍व की सबसे बड़ी कोरोना महामारी के बीच लोकतंत्र के महापर्व का आयोजन हो रहा है। जिन लोगों ने अभी भी वैक्‍सीन नहीं ली है, वह मतदान से पहले पहली डोज जरूर लगवा लें। उन्‍होंने कहा कि टीके की दो डोज लेकर खुद की कोरोना से रक्षा करें। इसी तरह चुनाव में विरोधियों को भी जोरदार डोज देने की जरूरत है।

अखिलेश यादव पर हमले को और तीखा करते हुए मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा ‘नाम समाजवादी, सोच परिवार वादी और काम दंगा वादी। उन्‍होंने कहा कि आज कांवड़ यात्रा भी नहीं रुक रही और बेटियों को भी कोई नहीं रोक सकता। उनकी लाल टोपी मुजफ्फरनगर दंगों के हिंदुओं और राम भक्तों के खून से सनी हुई है। अपनी और मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम योगी ने कहा कि हम लगातार विकास कर रहे हैं। अब जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट आ रहा है। इससे यहां के लोगों के लिए रोजगार आ रहा है। हम फिल्म सिटी भी बना रहे हैं। माफियाओं के खिलाफ अपनी सरकार की सख्‍ती का उल्‍लेख करते हुए उन्‍होंने कहा कि बुलडोजर अब रुकेगा नहीं। माफियाओं पर बुलडोजर चलता रहेगा।