मेरठ। मेरठ में चार दिन से एक दंपती अपने दो बेटों के साथ लापता है। बुधवार शाम को स्वजन ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी की और सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। सर्विलांस की मदद से दंपती का पता लगाया जा रहा है।

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के फतेहउल्लापुर निवासी इस्लाम ने बताया कि उसकी बेटी सायमा परवीन पति सलमान और दो बेटो छह वर्षीय शाद और दो वर्षीय कबीर के साथ बिस्मिल्ला कालोनी में रहती है। मूलरूप से सलमान लालकुर्ती का रहने वाला है, जो कई साल से लिसाड़ी गेट में किराये पर रहता है।

इस्लाम ने बताया कि सलमान मजदूरी करता है। बुधवार शाम बेटी के घर पर एक लेनदार पहुंचा तो ताला लगा हुआ था। उसने आसपास के लोगों से जानकारी की तो बताया कि परिवार चार दिन से ताला लगाकर कहीं गया हुआ है। उसने इस्लाम से संपर्क किया तो उनको जानकारी नहीं थी। इसके बाद सलमान के स्वजन से पता किया तो दंपती वहां भी नहीं गया था।

अनहोनी की आशंका को देखते हुए उन्होंने तहरीर दी। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पता लगाया जा रहा है। साथ ही सलमान के फोन को सर्विलांस पर लगाया गया है। जल्द ही दंपती को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। उनके रिश्तेदारों से भी पता किया जा रहा है। इस संबंध कई लोगों से पुलिस पूछताछ की करेगी।