मेरठ। वर्ष-2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी मैदान में उतर चुकी है। इसकी शुरुआत मेरठ से की है। उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने ट्वीट में भी इसका उल्लेख किया। उन्होंने मेरठ की क्रांतिकारी धरती से छह जिलों की 29 विधानसभा सीटों को 1200 करोड़ रुपये की सौगात देकर जनता को संदेश दिया। कहा कि प्रदेश की 24 करोड़ जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में विकास की गंगा में डुबकी लगा रही है।

मेरठ मंडल के छह जिलों मेरठ, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर में 29 विधानसभा सीट और पांच लोकसभा सीट हैं। केशव मौर्य ने अपने संबोधन में भी साफ कर दिया कि वर्ष 2022 के चुनाव में 2024 का चुनाव भी शामिल है। मंच से जनप्रतिनिधियों को चुनावी बिसात बिछाने का भी साफ संदेश उप-मुख्यमंत्री ने दिया। उन्होंने कहा कि हम कई मार्गों के नाम महापुरुषों के नाम पर रखने जा रहे हैं। इसके लिए हमने कार्य भी शुरू किया है। कांवड़ नहर पटरी का नाम चौधरी चरण सिंह के नाम पर रखा। धन सिंह कोतवाल गुर्जर और सर छोटू राम के नाम पर भी हम मार्ग का नाम रखेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे कई विद्वान और महापुरुष हैं, जिन्हें हम सम्मान दे सकते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि आप हमें नाम बताएं।

बुलंदशहर में राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण और अटल आवासीय विद्यालय का निर्माण, बागपत और बुलंदशहर में युवा कौशल विकास के लिए आईटीआई का निर्माण, 12 भवन निर्माण, 36 लघु सेतु, 737.37 किमी में जिला मार्गों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण, 527.555 किमी ग्रामीण मार्गों का जिला मार्ग में उच्चीकरण कार्य होगा। हर्बल मार्ग योजना में मेरठ में आसिफाबाद मार्ग और मेरठ-बड़ौत मार्ग पर 200 हर्बल पौधे लगाए जाएंगे। बुलंदशहर निरीक्षण भवन में 100, हापुड़ में एनएच-9 के  कार्यालय परिसर मार्ग पर 35 हर्बल पौधे लगाए गए।  

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेस वार्ता में कहा कि हमारी सरकार मेरठ से विमान उड़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। मेरठवासी अगले छह महीने में हवाई यात्रा का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का कार्य पिछली सरकारों की तुलना में बेहतर है। हम जो कहते हैं उसे पूरा करते हैं। हस्तिनापुर में गंगा पुल पर बने पुल के एप्रोच मार्ग में लगातार बढ़ रहे बजट के प्रश्न पर कहा कि पिछली सरकारों ने इसमें काफी गड़बड़ी की है। गन्ने का मूल्य न बढ़ने के सवाल पर भी कोई जवाब नहीं दिया। विभागों में हो रहे बंपर तबादलों के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि 20 प्रतिशत तक विभाग की संख्या के आधार पर अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले किए जा रहे हैं। 

लोकार्पण कार्य का आंकड़ा
बुलंदशहर 95.27 करोड़
मेरठ 26.08 करोड़
बागपत 13.49 करोड़
गाजियाबाद 7.03 करोड़
हापुड़ 67.47 करोड़
गौतमबुद्धनगर 65.14 करोड़
सेतु निगम 90.35 करोड़

शिलान्यास कार्य का आंकड़ा
मेरठ 154.28 करोड़
बागपत 90.14 करोड़
गाजियाबाद 5.95 करोड़
हापुड़ 3.99 करोड़
गौतमबुद्धनगर 6.44 करोड़
बुलंदशहर 153.05 करोड़