लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून के बीच भयंकर उमस वाली गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ समेत अन्य जिलों में फिलहाल बारिश की संभावना न के बराबर है। बारिश न होने से अगले चार से पांच दिन तक गर्मी का यह दौर जारी रहेगा। तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के करीब जरूर है लेकिन, उमस के कारण इसकी गर्मी का अहसास 42 डिग्री के टार्चर के बराबर है।
यूपी में शुक्रवार को वेस्ट यूपी में आगरा, अलीगढ़, बागपत, बरेली, गाजियाबाद, मेरठ, मथुरा, झांसी, बांदा, ललितपुर, हमीरपुर, जालौन, महोबा, चित्रकूट में हल्की बूंदाबांदी के आसार बने हुए हैं।
ये तस्वीर लखनऊ के वृन्दावन योजना शुक्रवार सुबह की है। यहां सुबह से बादलों के बीच धूप निकली हुई है।
लखनऊ और आसपास जिलों में इस पूरे सप्ताह किसी बदलाव के संकेत नहीं हैं। अगले दो दिनों तक लखनऊ और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। लखनऊ वासियों को आज भी चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार पांच दिनों तक लखनऊ तथा उससे सटे जिलों में उमस भरी गर्मी का सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा।
वाराणसी में लगातार उमस के हालात बन रहे हैं। रात में भी लोगों को गर्मी के साथ उमस का अहसास हो रहा है। न्यूनतम तापमान लगातार 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। 79% ह्यूमिडिटी लोगों के पसीने निकाल रही है। 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा से कोई राहत नहीं है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने की संभावना है। रविवार से एक बार फिर शहर में बारिश का अनुमान है।
गाजियाबाद में शुक्रवार को भी चमकती धूप और उमस लोगों का सुबह से ही पसीना छुड़ा रही है। बादल आ सकते हैं, लेकिन बारिश का अनुमान महज 13% है। सुबह 8 बजे ही शहर का तापमान 32 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, इससे उमस और गर्मी का अंदाजा लगाया जा सकता है। 67 फीसदी ह्यूमिडिटी लोगों के पसीने निकाल रही है। 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा भी इस स्थिति से लोगों को राहत नहीं दे रही। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने की संभावना है। शनिवार और रविवार को शहर में बारिश का अनुमान है।
मेरठ और आसपास के जिलों में शुक्रवार को तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी रहेगी। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। कभी धूप तो कभी बादल छाए रहेंगे। भारतीय कृषि अनुसंधान प्रणाली मोदीपुरम मेरठ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ एम शमीम ने बताया कि मेरठ और आसपास के जिलों में शुक्रवार को बारिश नहीं है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा। हवा की स्पीड 8 किलोमीटर प्रति घंटा की रहेगी। 9 जुलाई को वेस्ट यूपी में बारिश के आसार हैं।
गोरखपुर के लोग भी बारिश का इंतजार ही कर रहे हैं। दिन में धूप और बादलों का खेल जारी रहने की उम्मीद है। इससे लोगों को उमस का सामना करना पड़ेगा। 78% ह्यूमिडिटी इसमें बड़ा रोल निभाएगी। मौसम विभाग की ओर से शनिवार को शहर में बारिश की उम्मीद जताई गई है। इससे उमस से कुछ राहत मिलेगी। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
गुरुवार रात झांसी में बारिश हुई। इससे सड़कों से लेकर घरों के अंदर तक पानी भर गया।
झांसी में गुरुवार रात को तेज बारिश हुई। करीब 20 मिनट की बारिश में ही शहर की गालियां तालाब बन गई। पानी घरों में घुस गया। शहर के आतिया तालाब, नरिया बाजार, दरीगिरान, पठौरिया, लक्ष्मण गंज, गुदरी मोहल्ला, तलैया, छनियापुरा, कसाई मंडी, तालपुरा, काली माई, इतवारी गंज, पानी वाली धर्मशाला समेत अन्य इलाकों में देर तक बारिश का पानी भरा रहने से लोगों को परेशानी हुई। गुरुवार को 55 एमएम बारिश हुई, जबकि 15 जून से अब तक 200 एमएम बारिश हो चुकी है।
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि 30 जून को उत्तर प्रदेश में मानसून तो एंट्री कर गया। लेकिन उड़ीसा में मामूली दबाव का क्षेत्र बना था। वह गुजरात पहुंचा था। फिर मामूली दबाव को मध्य भारत ने खींचा जिससे यूपी में भारी वर्षा हुई थी।मानसून अब दक्षिण पाकिस्तान चला गया है वहां वह समाप्त होने लगा है। मानसूनी दबाव का पश्चिमी छोर भी उत्तर की ओर जाएगा तथा मध्य पाकिस्तान में एक तूफान बन रहा है। ऐसे में शनिवार और रविवार को बारिश होने की संभावना है।
गुरुवार देर रात झांसी में 20 मिनट तक बदरा बरसे। इससे सड़कों से लेकर घरों तक पानी भर गया है।लखनऊ के मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि 0.6 मिलीमीटर बारिश ही पूरे 24 घंटे में प्रदेश में रिकॉर्ड की गई। अब तक औसत अनुमान के अनुसार 142.7 मिलीमीटर बारिश पूरे प्रदेश भर में होनी थी लेकिन 66.9 मिलीमीटर ही बारिश हो पाई है। जो औसत अनुमान से 53% कम हुई है।