जयपुर। राजस्थान में जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तीन विदेशी महिलाओं की एक गलती ने 90 लाख की सोने की तस्करी के मंसूबे पर पानी फेर दिया। महिलाएं इतनी सफाई से सोना छिपाकर ला रही थीं, अगर वह गलती न करतीं तो कस्टम अधिकारियों की आंखों में धूल झोंकने में कामयाब हो जातीं। महिलाओं ने 1.8 किलोग्राम सोने के जेवरात को बैग के अंदर पार्सल बनाकर छिपा रखा था। सोने की बाजार में कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई जा रही है। कस्टम विभाग के अधिकारी तीनों महिला यात्रियों से पूछताछ कर रहे हैं।
कस्टम आयुक्त राहुल नांगरे ने बताया कि तीनों महिलाएं थाईलैंड की रहने वाली है। वे तीनों रविवार रात दस बजे एयर इंडिया की फ्लाइट से से बैंकाक से जयपुर पहुंची थी। तीनों महिलाएं हवाई अड्डे पर जल्दबाजी में चल रही थी। उनकी हरकतों पर कस्टम और सुरक्षा टीम को शक हुआ। जांच संदिग्ध लगने पर महिलाओं की मेटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई। जांच में तीनों के पास छह सोने के कड़े और तीन सोने की चेन बरामद की गई। महिलाओं ने सोने के जेवरात को बैग के अंदर पार्सल बनाकर छिपा रखा था।
पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे भारत में बेचने के लिए सोना तस्करी कर के लाई हैं। तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के प्रावधानों के अनुसार सोना जब्त किया गया है। महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से तीनों महिलाओं के नाम अब तक सार्वजनिक नहीं किए हैं।
जयपुर हवाई अड्डे पर फरवरी, 2022 में अफ्रीकी मूल की एक महिला को मादक पदार्थों (ड्रग्स) की तस्करी करते हुए पकड़ा गया था। महिला के प्राइवेट पार्ट (रेक्टम) में ड्रग्स से भरे 60 कैप्सूल निकले हैं। महिला शारजाह की फ्लाइट से जयपुर पहुंची थी। महिला को राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) की टीम ने शनिवार रात को पकड़ा और सवाई मान सिंह अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों की टीम ने दो दिन में महिला के रेक्टम से कुल 60 कैप्सूल निकाले। महिला अस्पताल के जनरल सर्जरी वार्ड में भर्ती है। डीआरआइ के अधिकारियों का मानना है कि इन कैप्सूल की कीमत 16 करोड़ रुपये है। अफ्रीका महाद्वीप के युगांडा देश की रहने वाली 31 वर्षीय महिला का नाम अमानी हैवेंस लोपेज है।