रुद्रपुर. शौकिया तौर पर पिस्टल और तमंचा लेकर घूमना दो युवकों को महंगा पड़ गया। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन कारतूस भी बरामद किए। बाद में दोनों के विरुद्ध केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। साथ ही बरामद बाइक भी सीज कर दी है।
थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप सुंदरम शर्मा ने बताया कि शनिवार रात थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी बीच सूचना मिली कि मोदी मैदान के पास दो संदिग्ध युवक खड़े हैं। इस पर एसआइ मनोज कुमार पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख दो युवक भागने लगे। शक होने पर पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा कर दबोच लिया।
दोनों युवकों को पकड़ने के बाद जब पुलिस ने उनकी तलाशी ली तो पुलिस को एक पिस्टल और एक तमंचा बरामद हुआ। साथ ही तीन कारतूस भी मिले। पुलिस पूछताछ में पिस्टल के साथ पकड़े गए युवक ने अपना नाम राजा कालोनी ट्रांजिट कैंप निवासी आकाश राठौर पुत्र महेंद्र पाल राठौर बताया। जबकि तमंचे के साथ पकड़े गए युवक ने अपना नाम ठाकुरनगर ट्रांजिट कैंप निवासी विष्णु सागर पुत्र अशोक सागर बताया।
थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप सुंदरम शर्मा ने बताया कि दोनों ने बताया कि उन्होंने पिस्टल और तमंचा शौकिया तौर पर अपने पास रखा है। बाद में पुलिस ने उनसे बरामद बाइक सीज कर दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।