तुर्किये। सोमवार के भूकंप के बाद तुर्किये और सीरिया में मरने वालों की संख्या शनिवार (स्थानीय समय) पर 28,192 तक पहुंच गई। सीएनएन की एक रिपोर्ट ने ये जानकारी दी है।

व्हाइट हेल्मेट्स सिविल डिफेंस ग्रुप के अनुसार, सीरिया के उत्तर पश्चिम में विद्रोहियों के कब्जे वाले क्षेत्रों में कुल मृतकों की संख्या 3,575 हो गई है।

सीरियाई स्टेट मीडिया के अनुसार, सरकार-नियंत्रित क्षेत्रों में अतिरिक्त 1,408 लोगों की मौतें दर्ज की गई हैं। ये जानकारी देश के स्वास्थ्य मंत्रालय का हवाला देते हुए दी गई है।

इस बीच, 6 फरवरी को तुर्किये में आए भूकंप के बाद से लापता एक भारतीय नागरिक को माल्टा में एक होटल के मलबे के नीचे मृत पाया गया। तुर्किये में स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार को एक ट्वीट में इसकी जानकारी दी। मृतक की पहचान विजय कुमार के रूप में हुई है, जो तुर्किये की व्यापारिक यात्रा पर थे।

इस दुखद समाचार के बारे में जानकर कुमार के परिवार के सदस्य गहरे सदमे में है। उनके परिवार में उनकी मां, पत्नी और छह साल का बच्चा है। उन्होंने करीब डेढ़ महीने पहले अपने पिता को खो दिया था।

मृतक के संबंधी गौरव काला ने घटना को लेकर कहा कि हमें दोपहर में दूतावास से फोन आया। वे मृतक के शव की पहचान करने के लिए पुष्टि चाहते थे, इसलिए हमने उन्हें बाएं हाथ पर एक निशान के बारे में बताया। वह बेंगलुरु में एक कंपनी में काम करता था और 22 जनवरी को यहां से चला गया था। उसे 20 फरवरी को लौटना था।

दूतावास ने एक ट्वीट में कहा, हम आपको दुख के साथ सूचित करते हैं कि तुर्किये में छह फरवरी को आए भूकंप के बाद से लापता एक भारतीय नागरिक विजय कुमार का शव मिला है।

उन्होंने कहा कि उनका शव मालट्या में एक होटल के मलबे में पाया गया और उनकी पहचान की गई, जहां वह एक बिजनेस ट्रिप पर थे।

बयान में कहा गया है कि उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं। हम उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उनके परिवार तक पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं।