मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव कलीना निवासी महिला को डेढ़ दशक बाद भी औलाद नहीं हुई तो पति ने तीन बार तलाक देकर मारपीट कर घर से निकाल दिया। जानकारी पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों से भी ससुरालियों ने अभद्र व्यवहार किया। पीड़िता ने पति सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में कलीना निवासी रसीना पुत्री हमीद ने बताया कि उसकी शादी क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी युवक से वर्ष 2004 में हुई थी। आरोप है कि शादी के करीब डेढ़ दशक बाद भी औलाद न होने पर ससुरालियों ने परेशान करना शुरू कर दिया था। वहीं, पति काम करने के बहाने दूसरे राज्य में जाने लगा था।
आरोप है कि जहां पर उसके दूसरी महिला से संबंध हो गए। जब तीन दिन पूर्व विरोध किया। इस पर आरोपित पति ने तीन तलाक कहकर मारपीट कर घर से निकाल दिया। महिला ने घटना की जानकारी मायके पक्ष के लोगों को दी। बुधवार को गांव में पहुंचे मायके पक्ष के लोगों के साथ भी ससुरालियों ने अभद्र व्यवहार किया।
पीड़िता ने पति, जेठ, ननद, ननदोई सहित आधा दर्जन के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।