शाहजहांपुर । पाकिस्तान की सीमा से लगे जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में सोमवार की सुबह शाहजहांपुर के बंडा के लाल सारज सिंह ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सांसें चलने तक आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया और उनको आगे नहीं बढ़ने दिया और शहीद हो गए। सोमवार को जब उनके शहीद होने की खबर उनके गांव अख्तयारपुर धौकल पहुंची तो लोगों की आंखें तो नम हो गईं। मगर सीना चौड़ा हो गया। गांव अखत्यारपुर धौकल निवासी विचित्र सिंह के तीन पुत्र सेना में हैं। छोटे बेटे सारज सिंह (26) वर्ष 2016 में सेना की 11 सिख रेजीमेंट में भर्ती हुए थे। इन दिनों पर 16 आरआर रेजीमेंट के तहत कश्मीर के स्वर्णकोट में तैनात थे। सारज सिंह के भाई सुखबीर सिंह ने बताया कि सेना की ओर से उन्हें सूचना दी गई कि कश्मीर में पुंछ के पास चामरेर फॉरेस्ट एरिया में सेना के आतंक विरोधी सर्च ऑपरेशन के दौरान यह मुठभेड़ हुई। यहां घुसपैठ कर आए आतंकवादी भारी हथियारों से लैस थे। 

इस एनकाउंटर के दौरान सारज सिंह के साथ तीन जवान और एक जेसीओ शहीद हो गए। सांसें चलने तक सारज सिंह ने आतंकवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया और उनको आगे नहीं बढ़ने दिया। सेना ने सारज सिंह के अदम्य साहस की सराहना की है।

सारज सिंह के शहीद होने की जानकारी पाकर आसपास के तमाम लोगों का उनके घर आना शुरू हो गया। लोगों ने कहा कि उनके क्षेत्र का लाल देश की सीमा की रक्षा करते हुए शहीद हुआ है, इसका उन्हें गर्व है। सुखबीर सिंह ने लोगों से कहा कि अभी उनके पिता, मां को सारज सिंह के शहीद होने के बारे में न बताएं। वह यह दुख सहन नहीं कर पाएंगे और उनको संभालना मुश्किल होगा। धीरे-धीरे सब मालूम हो जाएगा। 

गांव  निवासी सारज सिंह 2016 में सेना में चयनित हुए थे। दिसंबर 2019 में उनकी शादी हरदोई के कस्बा पिहानी निवासी रजविंदर कौर के साथ हुई थी। उनके अभी कोई संतान नहीं है। रजविंदर कौर रविवार को ही मायके गई हैं। ससुराल के लोगों ने पति के शहीद होने की जानकारी रजविंदर को अभी नहीं दी है। सुखबीर सिंह ने बताया कि रजविंदर कौर को अभी सूचना इसलिए नहीं दी गई है जिससे वह परेशान न हों। 

सारज सिंह जुलाई में छुट्टी पर घर आए थे। इसके बाद वह ड्यूटी पर लौट गया। रविवार शाम सारज सिंह, पिता विचित्र सिंह, मां परमजीत कौर, भाई सुखबीर सिंह और पत्नी रजविंदर कौर से फोन पर बात की थी और सबके हालचाल जानने के बाद कहा कि वह भी ठीक है। सारज सिंह के बात करने के समय सेना का ऑपरेशन शुरू नहीं हुआ था।