जींद । जींद रोड पर स्थित एक निजी स्कूल में रविवार को चल रही भाजपा की त्रिदेव कार्यशाला का किसानों ने विरोध किया। काफी संख्या में किसानों ने स्कूल में घुसने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद किसान जींद-पानीपत सड़क पर जाम लगाकर बैठ गए। पुलिस ने भाजपा के जिला प्रधान राजू मोर, राई के विधायक मोहनलाल बड़ोली, जींद के विधायक कृष्ण मिड्ढा व अन्य पार्टी नेताओं को पिछले दरवाजे से निकाला। इसके बाद ही किसान शांत हुए।
दोपहर को लगभग 12 बजे भाजपा की त्रिदेव कार्यशाला एक निजी स्कूल में शुरू हुई। इसका किसानों को पता चल गया। लगभग एक बजे काफी संख्या में किसान स्कूल के पास जमा होने शुरू हो गए। गांव सिल्लाखेड़ी से काफी किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंच गए। इसके बाद किसानों ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। मौके की नजाकत को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस बल भी पहुंच गया। जब किसान स्कूल की तरफ बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद किसान सड़क पर ही बैठ गए और जाम लगा दिया।