आजमगढ़. आजमगढ़ में रविवार को बकरीद की नमाज अदा करने के बाद एक वृद्ध ने ईदगाह से सौ मीटर की दूरी पर लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। ईदगाह पर सुरक्षा में तैनात पुलिस ने आरोपी को पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।

जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र निवासी 59 वर्षीय गालिब बकरीद पर घर से 100 मीटर की दूरी पर स्थित ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए गया हुआ था। नजाम अदा करने के बाद वह घर पहुंचा। इसके बाद उसने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली चलने से ईदगाह के बाहर अफरा-तफरी मच गई। ईदगाह के बाहर सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों को भी इसकी आवाज सुनाई दी। मौके पर मौजूद चौकी इंचार्ज राम निहाल वर्मा ने उच्च अधिकारियों को सूचना देते हुए आरोपी गालिब को हिरासत में ले लिया।

सूचना मिलते ही सीओ सदर सौम्या भी घटना स्थल पर पहुंच कर जांच की। गंभीरपुर थाना प्रभारी राम प्रसाद बिंद ने बताया कि आरोपी को पिस्टल सहित गिरफ्तार किया गया है। असलहा के दुरुपयोग के मामले में अभियुक्त को जेल भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि गालिब कई साल से बकरीद की नमाज अदा करने के बाद घर पहुंच कर पिस्टल से फायर करता था। हर साल की तरह वह इस साल भी घर पहुंचकर पिस्टल निकाल कर बाहर आकर फायर किया। आरोपी का घर ईदगाह से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण पुलिस ने उसे पकड़ लिया।