मेरठ। मेरठ में बुधवार को बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। यहां कंकरखेड़ा क्षेत्र के रोहटा रोड पर भोला गांव की पूर्व प्रधान बुजुर्ग महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि घर में घुसकर महिला को गोली मारकर आरोपी फरार हो गए। घायल महिला को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं महिला की माैत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार रोहटा रोड स्थित नारायण गार्डन कॉलोनी में बुधवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश रोहटा रोड की तरफ फरार हो गए। दोनों बदमाश मकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गए। सूचना पर एसपी सिटी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

जानी थाना क्षेत्र के भोला गांव निवासी सोहनवीरी(55) पत्नी यशपाल सिंह नारायण गार्डन कॉलोनी में 3 दिन पूर्व बेटी निशा पत्नी दीपक के घर पर आई थी। बुधवार को बच्चे व परिजन घर में मौजूद थे। इसी बीच एक बाइक सवार दो बदमाश मौके पर पहुंचे।

दोनों बदमाश जबरन घर में ऊपरी मंजिल पर घुस गए। जहां उन्होंने पूर्व प्रधान को गोली मार दी। घटना के बाद कमरे में चारों तरफ खून फैल गया। वहीं घर में मौजूद छोटे बच्चे दहशत में आ गए।

गंभीर अवस्था में परिजनों ने घायल महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। एसएसपी डॉ. विपिन टाडा का कहना है कि तीन टीमों को जांच के लिए लगा दिया गया है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।