मेरठ। मेरठ से आम आदमी पार्टी की पूर्व मेयर उम्मीदवार रही ऋचा सिंह ने आज आम आदमी पार्टी छोड़कर राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की है। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने उनका पार्टी में स्वागत किया।
प्रदेश के मंत्रीमंडल विस्तार में रालोद कोटे से पुरकाजी विधायक अनिल कुमार को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात रालोद अध्यक्ष जयंत सिंह की कॉल के बाद उनके मंत्री बनने की पुष्टि हुई। कॉल के बाद ही अनिल कुमार अपने समर्थकों के साथ लखनऊ पहुंच गए। विधायक मूल रूप से सहारनपुर के गांव तहारपुर के रहने वाले हैं।
पुरकाजी सुरक्षित सीट से रालोद के सिंबल पर अनिल कुमार ने भाजपा के प्रत्याशी पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल को हराया था। चुनाव से पहले अनिल कुमार सपा में सक्रिय थे, लेकिन रालोद के सिंबल पर चुनाव लड़कर वह तीसरी बार विधायक चुने गए थे। इससे पहले चरथावल सुरक्षित सीट से बसपा के टिकट पर वह पहली बार 35417 वोट पाकर विधायक बने थे। साल 2012 में परिसीमन के बाद सुरक्षित सीट पुरकाजी बनीं। अनिल कुमार दूसरी बार पुरकाजी से विधायक चुने गए थे। साल 2017 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2022 में वह रालोद के सिंबल पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे।