नई दिल्ली। हर महीने की पहली तारीख को सरकार की ओर से कुछ नियमों में बदलाव किए जाते हैं। वस्तुओं की कीमतों में भी कुछ न कुछ बदलाव किया जाता है, जिसका सीधा असर आम इंसान की जेब पर पड़ता है। इस बार भी 1 सितंबर से यमुना एक्सप्रेसवे, जनरल इंश्योरेंस, प्रॉपर्टी खरीदने और खाते में केवाईसी अपडेट के नियम बदल रहे हैं, जिनकी जानकारी हम आपको देने जा रहे हैं…
तेल वितरक कंपनियों की ओर से 1 सितंबर से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 100 रुपए तक घटा दिए गए हैं। कीमतों में कमी में बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 91.50 रुपए, कोलकाता में 100 रुपए, मुंबई में 92.50 रुपए और चेन्नई में 96 रुपए सस्ता हो गया है।
यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी ने अगस्त में टोल बढ़ाने का निर्णय लिया था, जिसे आज 1 सितंबर से लागू किया जा रहा है। टोल में वृद्धि के बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर महंगा हो जाएगा। अब एक्सप्रेसवे पर सफर के लिए छोटे वाहनों को 10 पैसे प्रति किलोमीटर अधिक और बड़े कमर्शियल वाहनों को 52 पैसे प्रति किलोमीटर अधिक टोल चुकाना होगा।
अगर आप दिल्ली एनसीआर में स्थित गाजियाबाद में घर या फिर प्लाट लेने की सोच रहे हैं तो ये 1 सितंबर महंगा हो जाएगा। सरकार ने सर्किल रेट में 2 से 4 फीसदी का इजाफा किया है।
इंश्योरेंस नियामक आईआरडीएआई ने अब इंश्योरेंस कंपनियों की ओर से बीमा एजेंट को दिए जाने वाले कमीशन पर कैप लगा दिया है। इसके बाद इंश्योरेंस कंपनियां एजेंट को 20 फीसदी से अधिक कमीशन नहीं दे पाएगी। 1 सितंबर से पहले इंश्योरेंस कंपनियां एजेंट को 35 फीसदी तक कमीशन देती थीं।
अगर आपका पंजाब नेशनल बैंक में खाता है तो अपने खाते में 31 अगस्त तक केवाईसी अपडेट कराना जरूरी था। 1 सितंबर से आप पीएनबी में केवाईसी अपडेट नहीं करा पाएंगे। बैंक की ओर से केवाईसी अपडेट को लेकर ग्राहकों से कई बार आग्रह भी किया गया था।