नई दिल्ली। देशभर के लगभग सभी राज्यों में वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। इसी महीने स्लीपर वंदे भारत की देशवासियों को सौगात मिलने वाली है। इसमें रेल यात्री आराम से लेटकर लंबी दूरी तक की यात्रा तय कर सकेंगे। स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों के अलावा भारतीय रेलवे चेयर कार वंदे भारत भी नए-नए रूट्स पर लॉन्च करने जा रहा है। आने वाले दिनों में बिहार के मुजफ्फरपुर से पश्चिम बंगाल के नई जलपाईगुड़ी के बीच वंदे भारत ट्रेन चलने वाली है।

रिपोर्ट के अनुसार, मुजफ्फरपुर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच वंदे भारत ट्रेन अक्टूबर में शुरू की जा सकती है। अभी इन दोनों शहरों के बीच लगभग दस घंटे का समय लगता है, जोकि कम होकर छह घंटे तक पहुंच सकता है। हालांकि, अभी तक रेलवे ने आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन कहा जा रहा है कि इस ट्रेन की तैयारी की जा रही है। इससे न सिर्फ बिहार की जनता को बल्कि पश्चिम बंगाल के लोगों को भी फायदा मिलेगा।

रिपोर्ट में बताया गया है कि मुजफ्फरपुर और न्यू जलपाईगुड़ी के बीच ट्रेन 446 किलोमीटर की दूरी छह घंटे में ही पूरी कर लेगी। इस दौरान ट्रेन की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। ट्रेन के लिए सर्वे भी किया जा चुका है, जिसमें इस रूट पर वंदे भारत चलाने की मांग हुई है। बता दें कि लंबे समय के बाद एर्नाकुलम और बेंगलुरु के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाई जा चुकी है। तस्वीर शेयर करते हुए दक्षिण रेलवे ने लिखा था कि शानदार, नई वंदे भारत एर्नाकुलम जंक्शन से केएसआर बेंगलुरु सिटी जंक्शन तक अपनी पहली यात्रा पर है।