बिसौली। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव परवेजनगर में बुधवार को बरात आई थी। गांव के सूरजपाल की बेटी रूबी की शादी थी। डांस के दौरान लड़का पक्ष और लड़की पक्ष में विवाद हो गया। किसी तरह लोागें ने मामला शांत कर दिया। लेकिन कुछ ही देर बाद खाने के दौरान फिर विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों में इतनी हाथापाई हुई कि कुर्सियां तक फेंकी जाने लगी।

हालात बिगड़ते देख स्टेज पर माैजूद दूल्हा और दुल्हन को वहां से उठकर अपनी जान बचानी पड़ी। दोनों पक्षों में काफी देर तक मारपीट हुई। इस दौरान खितौरा निवासी दूल्हा आकाश व उसके स्वजन ने समारोह स्थल से भाग कर अपना बचाव किया।

बाद में गुरुवार सुबह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। जहां बेटी के घर पर बातचीत के बाद दोनों के फेरे आदि की रस्‍म कराई गई। इसके बाद लड़की की विदाई हुई। दोनों पक्षों में बातचीत के बाद समझौता हो गया। बिसौली प्रभारी निरीक्षक संजीव शुक्ला ने बताया कि थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।