चंडीगढ़। नायब सिंह सैनी के रूप में हरियाणा को अपना नया मुख्यमंत्री मिल गया है। मंगलवार शाम को हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल भी मौजूद रहे। उन्होंने पीठ थपथपा कर सैनी को आशीर्वाद दिया। इसके साथ ही पांच विधायकों की मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। मंत्रिमंडल में कोई नया चेहरा नहीं शामिल किया गया है। इस बीच कई पुराने चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है।
कंवरपाल गुर्जर मंत्रिमंडल में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे। वह मनोहर लाल सरकार में भी शिक्षा मंत्री थे। मंगलवार को उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। इनके अलावा जेपी दलाल को भी मंत्रिमंडल में जगह मिली है। वे मनोहर सरकार में कृषि मंत्री थे। निर्दलीय विधायक रणजीत सिंह चौटाला ने भी नई सरकार में मंत्री पद की शपथ ली। वह मनोहर सरकार में बिजली मंत्री रह चुके हैं। मनोहर सरकार में परिवहन मंत्री रहे मूलचंद शर्मा को नई सरकार में भी मंत्री बनाया गया है। अभी विभागों का आवंटन नहीं हुआ है।
इन विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
कंवर पाल गुर्जर भाजपा
बनवारी लाल भाजपा
मूलचंद शर्मा भाजपा
जेपी दलाल भाजपा
रणजीत सिंह चौटाला निर्दलीय