आगरा। आगरा के ताजगंज स्थित सेल्फी पॉइंट के पास सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पीड़िता के बयान से पुलिस उलझन में है। युवती ने तीन घटनास्थल बताए हैं। पुलिस ने दो का निरीक्षण किया। उनसे वारदात की पुष्टि नहीं हुई। तीसरी बार युवती ने आरोपियों की कार में वारदात होना बताया। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और कार की बरामदगी में लगी है।

थाना ताजगंज में युवती की तहरीर पर सूरज, उसके भाई लखन चौधरी और एक अज्ञात के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता के सोमवार को बयान दर्ज किए। युवती का कहना था कि वह मूलरूप से हरियाणा की है। ससुराल पलवल में है। वह गुरुग्राम भी रही। पहले से शादीशुदा है और एक बेटी भी है। वह पति को छोड़कर देहरादून चली गई। कुछ महीने पहले आगरा आ गई। वह सूरज और लखन के संपर्क में थी।

बाद में उसे पता चला कि दोनों देह व्यापार के धंधे से जुड़े थे। इससे दोनों से बात करना बंद कर दिया। मगर, वो पीछा छोड़ने को तैयार नहीं थे। लखन उससे 7000 रुपये मांग रहा था, जबकि रकम उसकी ही थी। 6 दिन पहले एक युवक से शादी कर ली। इससे लखन नाराज हो गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने मारपीट भी की।

थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि युवती ने पहले सेल्फी पॉइंट के पास घटना बताई। वहां पुलिस गई। कोई साक्ष्य नहीं मिला। इस पर युवती ने कहा कि एक पानी के प्लांट में ले गए थे। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज देखे। मगर, घटनास्थल नहीं मिला। बाद में युवती ने कहा कि आरोपी कार में थे। उसे कार में ले गए। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और कार की बरामदगी में लगी है। वहीं युवती ने अपने पति सहित अन्य परिजन के बारे में पुलिस को जानकारी देने से इन्कार किया है। फिलहाल पुलिस पड़ताल में लगी है। पीड़िता का कोर्ट में बयान दर्ज कराया जाएगा।