लखनऊ. यूपी में 8 मई से लू चलेगी यानी गर्मी का असर बढ़ेगा। बात गुरुवार की करें तो लखनऊ, अयोध्या, सुल्तानपुर और रायबरेली समेत कई जिलों में हल्की बारिश हुई। वहीं, मौसम विभाग ने 8 मई और 9 मई के लिए लू का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि आने वाले दिनों में लू चलने से गर्मी बढ़ेगी। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

यूपी के पांच सबसे गर्म शहर
झांसी रहा सबसे गर्म शहर
राज्य में बीते 24 घंटे में झांसी सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा आगरा, कानपुर, बांदा, जालौन और फतेहपुर का तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। आने वाले 10 दिनों में पारा 5 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है।

अप्रैल में गर्मी ने तोड़ा था 122 सालों का रिकॉर्ड
अप्रैल के अंतिम दिन 30 अप्रैल को गर्मी अपने चरम पर रही। गर्मी ने 122 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बांदा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लखनऊ के तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट
बीते 3 दिनों में लखनऊ के तापमान में लगभग 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को यहां का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा। मई के महीने में सामान्य से अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया जा रहा है। इससे पहले लखनऊ में सप्ताह भर पहले 43 डिग्री तक तापमान पहुंच गया था।

आंधी-पानी से कई जिलों में नुकसान मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार बीते 3 दिनों से बदले मौसम का कारण पाकिस्तान से आने वाली सर्द हवाएं (पश्चिमी विक्षोभ) हैं। बीते 24 घंटे के अंदर राज्य में 3. 8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। यूपी के अयोध्या, देवरिया, सुल्तानपुर, रायबरेली, मुजफ्फरनगर, महाराजगंज लखनऊ, सिद्धार्थ नगर में बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है। इन जिलों में आंधी चलने की वजह से नुकसान भी हुआ है।