नई दिल्ली. उत्तर भारत के कई इलाकों में अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों में क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आंधी तथा बारिश आने से भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। आसमान में बुधवार सुबह से बादल छाए हुए है, लेकिन दिन में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि तापमान में यह बढ़ोतरी लंबे समय के लिए नहीं होगी। तीन दिन बाद मौसम फिर करवट लेगा और तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री पहुंच सकता है। इस हफ्ते उत्तराखंड, मेघालय, केरल, असम समेत कई अन्य राज्य में बारिश होगी। आइएमडी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर पहुंच चुका है।
दिल्ली-एनसीआर में 21 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज
दिल्ली एनसीआर में आज गर्मी कम है, लेकिन तापमान बढ़ने की संभावना है। गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। चमकदार और तेज धूप खिलेगी। अधिकतम तामपान 43 और न्यूनतम 28 डिग्री के आसपास रह सकता है। वहीं 19 और 20 मई को अधिकतम तामपान 44 से 45 डिग्री के स्तर को छू सकता है। इसके बाद 21 मई को पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राजधानी के मौसम में बदलाव होंगे। 21 मई को आंधी की संभावना है। इसके बाद तापमान 42 डिग्री पर पहुंच जाएगा। इसके बाद 22 मई को बूंदाबांदी और तेज हवाएं चलने की संभावना है। जिसकी वजह से तापमान 40 डिग्री तक दर्ज हो सकता है। वहीं 23 मई को भी तापमान कुछ कम ही बने रहने के आसार हैं।
जम्मू-कश्मीर में आज मौसम सामान्य रहेगा
जम्मू कश्मीर में पिछले सप्ताह के मुकाबले मौसम राहत भरा रहेगा। मंगलवार देर शाम धूल भरी आंधी और बारिश के बाद बुधवार को तापमान सामान्य रहने की संभावना है। मौसम विभाग अनुसार शनिवार और रविवार को बारिश के आसार है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश के कुछ स्थानों पर बुधवार को बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी है। गर्मी से राहत मिल सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहने की संभावना है। प्रदेश में दो दिन से कई स्थानों पर हुई बारिश के कारण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
उत्तराखंड में आंधी-बारिश को लेकर यलो अलर्ट
उत्तराखंड में आज बुधवार को पहाड़ों में बारिश व ओलावृष्टि के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आज ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश-ओलावृष्टि होने और मैदानों में अंधड़ चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अंधड़ को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया है।