नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में भारी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम विभाग ने आज कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जाहिर की है। इसके लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 23 अगस्त तक बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से दक्षिण मध्य सहित पर्वतीय राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव अब उड़ीसा सहित पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार के कुछ हिस्सों सहित छत्तीसगढ़ पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश दे सकता है। 20 या 21 अगस्त से दिल्ली पंजाब और हरियाणा सहित पहाड़ों पर भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की उत्तरपूर्वी खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, यह पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ेगा और गहरे निम्न दबाव में बदल जाएगा। इसका असर आज से यानी शुक्रवार से अगले चार दिन तक देश के कई राज्यों में दिखाई देगी। कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश के आसार है। कुछ राज्यों में छिटपुट बारिश की संभावना है। आइए जानते है किस राज्य में कब होगी बारिश…

गंगीय पश्चिम बंगाल में 19 अगस्त, झारखंड में 19-20 अगस्त, विदर्भ में 20-21 अगस्त, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 19-21 अगस्त तक तथा पश्चिम मध्य प्रदेश में 20-22 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है।

इसके साथ ही ओडिशा, छत्तीसगढ़ में 22-24 अगस्त के दौरान बारिश कम होने की संभावना है। 21-24 अगस्त के दौरान विदर्भ, मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में काफी अच्छी बारिश होने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 19 अगस्त को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है। विदर्भ, झारखंड और ओडिशा में 20 अगस्त, 21 तारीख को पूर्वी मध्य प्रदेश और 22 अगस्त को पश्चिम मध्य प्रदेश में अति भारी बारिश की चेतावनी है।

स्काईमेट वेदर के मुताबिक, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

जम्मू कश्मीर, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, कोंकण और गोवा, गुजरात, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और उत्तर पूर्व भारत में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। केरल, तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और लक्षद्वीप में हल्की बारिश संभव है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ओडिशा के 17 जिलों में शुक्रवार को बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी के बीच ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि एक चक्रवाती परिसंचरण के कारण शुक्रवार तक उत्तरी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है।