मेरठ। जनपद में एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। पत्नी से विवाद के चलते कलयुगी पिता ने अपनी दो मासूम बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। वहीं घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
मामला कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के अनूपनगर फाजलपुर का है। अरुण कुमार पुत्र तारा सिंह जाटव का अपनी पत्नी निशु से काफी समय से विवाद चल रहा था। इस विवाद के चलते निशु कुछ दिन पहले अपने पति अरुण को छोड़कर मायके कस्बा जानी चली गई थी। शुक्रवार को अरुण अपनी ससुराल जानी गया और वहां से लड़-झगड़कर अपनी छह वर्षीय पुत्री सृष्टि एवं चार वर्षीय पुत्री नैना को लेकर अपने घर फाजलपुर अनूपनगर आ गया। देर रात उसने अपनी दोनों बेटियों को गला दबाकर मार डाला। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
उधर, सूचना मिलने पर थाना कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर, क्षेत्राधिकारी दौराला आशीष कुमार शर्मा फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से सबूत जुटाए। पुलिस अधिकारियों ने जानी से आरोपी की पत्नी निशु और उसके परिजनों को बुलवाया। वहीं पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
अरुण शुक्रवार को दिन में अपनी ससुराल में पत्नी को लेने गया था लेकिन, जब पत्नी नहीं आई तो वह लड़ाई-झगड़ा करने के बाद दोनों बच्चियों को अपने घर ले आया। इसके बाद उसने दोनों बच्चियों को मार डाला। पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले भी अरुण ने अपने घर में आग लगा दी थी। इस दौरान घर में रखे कागज और कीमती सामान जल गया था। इस बात को लेकर भी पति-पत्नी में काफी विवाद हुआ था। कई सालों से दोनों के बीच विवाद चला आ रहा है। इस विवाद के कारण ही वह अपने मायके चली गई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने घर में ही रात में शराब पी थी। घटनास्थल से शराब की कुछ खाली बोतले भी मिली है। अभी तक आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है, उसकी तलाश की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी के अनुसार अरुण अपनी पत्नी पर दो बेटियां होने को लेकर कमेंट करता था। इस बात को लेकर भी दोनों के बीच में झगड़ा रहता था। कई बार पड़ोसियों ने भी बीच-बचाव करवाया लेकिन, अरुण का यह बर्ताव पत्नी के प्रति लगातार बढ़ता ही जा रहा था, जिस कारण वह परेशान होकर अपने मायके चली गई थी। आरोपी की तलाश की जा रही है।