आगरा। आगरा के मेहताब बाग के पास रविवार को सराफ आनंद वर्मा (28) को गोली मार दी गई। वह स्कूटर से परिचित से मिलने जा रहे थे, तभी पीछे से बाइक पर आए दो हमलावरों ने गोली मारी। इससे व्यस्ततम बाजार में दहशत फैल गई। हमलावर तमंचा लहराते भाग गए। सराफ को आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। उधर, पुलिस ने बताया कि सराफ के परिजन ने पूर्व प्रेमिका के पिता और भाई पर आरोप लगाया है। उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
सुशील नगर निवासी आनंद वर्मा की घर के पास ही वर्मा ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। पिता ओम प्रकाश वर्मा सेवानिवृत्त आरपीएफ इंस्पेक्टर हैं। परिजन ने पुलिस को बताया कि आनंद के पास शाम तकरीबन 5 बजे एक काॅल आई। इस पर वो एक्टिवा लेकर घर से निकले। मेहताब बाग स्थित ग्यारह सीढ़ी के पास पीछे से बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने पीछे से गोली मार दी। उन्हें पीठ में गोली लगी है।
फायरिंग से आसपास के लोग दहशत में आ गए। खून से लथपथ देखकर एक राहगीर ने मदद की। एक दुकानदार महेश आनंद को ट्रांस यमुना स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे। जानकारी पर पुलिस और परिजन भी पहुंच गए। बाद में सराफ को दिल्ली गेट स्थित अस्पताल रेफर किया गया।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि सराफ के गोली कंधे से होते हुए रीढ़ की हड्डी में फंस गई है। हालांकि हालत खतरे से बाहर है। चिकित्सक ऑपरेशन कर गोली निकालने की कोशिश में लगे हैं। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है।
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि सराफ के ट्रांस यमुना इलाके की एक युवती से प्रेम संबंध चल रहे थे। युवती की शादी हो चुकी हैं। मगर, वो मायके में रह रही है। इसके बावजूद दोनों के बीच बातचीत बंद नहीं हुई है। इससे युवती के परिवार वाले विरोध कर रहे हैं।