मेरठ। अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने से वेस्ट यूपी के सैकड़ों लोग फंस गए हैं। सहारनपुर के रामपुर मनिहारान से बाबा बर्फानी दर्शनों के गए छह श्रद्धालु फंस गए हैं। इसके अलावा जिले से बड़ी संख्या में गए लोग भी फंसे हुए हैं।

रामपुर मनिहारान से बाबा के जयकारों के साथ 56 श्रद्धालुओं का एक जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए एक जुलाई को बस से रवाना हुआ था। शुक्रवार शाम यात्रा पर गए श्रद्धालुओं के परिजनों को बादल फटने की सूचना मिली तो यात्रा पर गए श्रद्धालुओं के परिजनों की चिंता बढ़ गई, परिजन अपनों से संपर्क करने में लगे रहे लेकिन किसी से संपर्क नहीं हो पाया। बाबा अमरनाथ यात्रा के सेवादार संजय गुप्ता ने फोन पर बताया कि वह लोग प्रसाद चढ़ाकर वापस बालटाल आ गए थे। उनके करीब छह साथी ऊपर जाते हुए मिले थे। जिनके फंसे होने की संभावना है। उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

उधर, बागपत के बड़ौत से दो बसों में 80 लोग अमरनाथ यात्रा पर गए हुए हैं। यात्रर ले जाने वाले बॉबी जैन के पुत्र राहुल जैन वे संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है। दोघट कस्बे के श्रद्धालु अनिल पंवार, महाराजा राम नारायण आदि भी कुछ दिन पहले ही गए हैं उनके परिजन भी संपर्क साधने का प्रयास कर रहे हैं।

बुलंदशहर के 50 से अधिक यात्री भी अमरनाथ यात्रा में फंसे हुए हैं। करीब 150 श्रद्धालुओं के तीन अलग-अलग जत्थे बाबा अमरनाथ के दर्शन करने के लिए गए थे। 100 श्रदालुओं ने बृहस्पतिवार तक बाबा के दर्शन कर लिए थे। बाकी 50 श्रद्धालु यात्रा पर है। अमरनाथ यात्रा पर गए शिव सेना के नगर प्रमुख प्रवेश लोधी, राजा लोधी, नानक चंद, सुभाष लोध आदि ने बताया की बुलंदशहर के दो जत्थों ने बृहस्पतिवार को दर्शन कर लिए थे। एक जत्था वहीं रह गया था। उन्होंने बताया कि गुफा से 10 किमी पहले यहां का शिविर लगा हुआ है। फोन के माध्यम से वहां लोगों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।

मेरठ से अमरनाथ यात्रा पर शुक्रवार को श्रीनगर पहुंचे तुषार गुप्ता, पंकज अग्रवाल, मोहित वर्मा आदि सैकड़ों यात्री फंस गए हैं। ‘हिन्दुस्तान से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह श्रीनगर से बालटाल की ओर निकले थे। पता चला कि पवित्र गुफा के पास बादल फट गया है। यात्रा पर निकले यात्रियों को जहां है, वहीं रोक दिया गया है। तुषार गुप्ता ने बताया कि उनके सभी साथी वापस श्रीनगर पहुंच गए हैं।