बरेली। बरेली में दहेज के लिए एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ शर्मनाक सलूक किया। उसने पत्नी से दो लाख रुपये दहेज में लाने को कहा। दो लाख रुपये नहीं लाने पर पति पत्नी पर दोस्तों से शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसे प्रताड़ित करने लगा। पीड़ित पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र की निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी कांकरटोला निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद पति उसे प्रताड़ित करने लगा। दो लाख रुपये दहेज की मांग करने लगा। कुछ दिन पहले पति और ननदों ने दो लाख रुपये नहीं देने पर पति के दोस्तों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। उनकी बात सुनकर विवाहिता हैरान रह गई।
पति ने बात नहीं मानने पर विवाहिता को परिवार समेत खत्म करने की धमकी दी। महिला के परिजनों ने पति को समझाने की कोशिश की तो उनकी पिटाई कर दी गई। कई बार समझाने के बाद भी पति अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसे प्रताड़ित करता रहा। इससे परेशान होकर पीड़ित विवाहिता ने पति के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।