कोटा। इन दिनों मकानों में सांपों के निकलने की अक्सर घटनाएं सामने आ रही हैं। शहर के स्वामी विवेकानंद नगर इलाके में भी एक मकान मालिक ने ऐसी ही शिकायत की। मकान मालिक के होश तब उड़ गए जब उसने कपड़े साफ करने के लिए वॉशिंग मशीन का ढक्कन हटाया। उन्होंने वॉशिंग मशीन का ढक्कन खोला तो उसमें फन फैलाए कोबरा बैठा था। कोबरा को देख लोगों में दहशत फैल गई।
मकान मालिक ने आनन फानन में इसकी जानकारी स्नेक कैचर गोविंद शर्मा को दी। इसके बाद गोविंद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर सांप को बाहर निकाला और उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। मकान में रहने वाले शंभू दयाल ने बताया कि उसका ड्राई क्लीन का काम है।
ऐसे में जब वह कपड़े वाशिंग मशीन में डालने के लिए जा रहे थे, तभी ढक्कन हटाते ही उसे काला कोबरा दिखाई दिया। सांप की लंबाई करीब 5 फुट थी। इसको देख शंभू दयाल उसके परिवार में दहशत फैल गई। सांप वाशिंग मशीन में कैसे पहुंचा इस बारे में जानकारी नहीं मिली है।
#Watch : कोटा शहर में एक शख्स के तब होश उड़ गए जब उसने कपड़े साफ करने के लिए वॉशिंग मशीन का ढक्कन हटाया। शख्स ने जब वॉशिंग मशीन का ढक्कन खोला तो उसमें फन फैलाए बड़ा सा कोबरा बैठा था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।#Snake #Kota #Rajasthan pic.twitter.com/HGK5RERmvg
— Hindustan (@Live_Hindustan) August 20, 2024
बारिश के मौसम में सांप और मगरमच्छ दिखने की घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में पर्यावरण प्रेमियों और स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने लोगों से अपील की यदि उन्हें सांप या मगरमच्छ दिखें तो उन्हें नुकसान ना पहुंचाएं। इसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को दें ताकि इन बेजुबान प्राणियों की जान बचाई जा सके। बारिश के मौसम में सांप और मगरमच्छ ठंडी जगह तलाशते हैं।