पिछले महीने चोरी छिपे पाकिस्तान गई अंजू को उसके भारतीय पति अरविंद ने खुली चेतावनी दी है। उसने कहा है कि जब वह दो महीने बाद आएगी तो उसकी खाल निकाल लेंगे। अरविंद ने खुफिया कैमरे के सामने यह सब बातें कहीं। उसने बताया कि उसके बच्चे मां अंजू को रखने के लिए मना कर रहे हैं। उसे अपने बच्चे के लिए दर्द तक नहीं है। अगर उसे बच्चों से प्यार होता तो वह भागकर बहुत पहले ही आ जाती। ‘आजतक’ के खुफिया कैमरे पर बात करते हुए अरविंद ने कहा, ”अगर अंजू के भीतर बच्चों को लेने की हिम्मत है तो उसे भारत आकर दिखाना होगा। यह उसे और नसरुल्लाह को मीडिया के जरिए बोल दिया है।” उसने आगे कहा, ”जब भी बीच-बीच में न्यूज आती है तो हालत गुम हो जाती है।”
अरविंद ने अंजू की उस खुफिया अलमारी के बारे में भी बताया, जिसे वह पाकिस्तान जाने के बाद नहीं खोलने के लिए कहती रही थी। उसने कहा कि उस अलमारी में अंजू के पाकिस्तान से जुड़े कागजात हो सकते हैं। अरविंद ने पूछा कि आखिर कार वीजा कब तक सरकार बढ़ाएगी। दो महीने-तीन महीने या चार महीने तक। वह खुद अपने जाल में फंस रही है। बाद में नेपाल के रास्ते भारत आ जाएगी। अरविंद ने खुलासा किया कि अंजू की इंस्टाग्राम पर सात से आठ प्रोफाइल हैं। उसमें से उसने सब डिटेल्स निकाल ली हैं।
अरविंद पर अंजू द्वारा लगाए गए मारपीट करने के आरोपों को उसने सिरे से खारिज कर दिया। उसने कहा, ”उसके चेहरे को देखकर लग रहा है कि क्या वह किसी को मारने भी देगी। उसने यह भी कहा कि अंजू और नसरुल्लाह ने यह कभी नहीं सोचा होगा कि वह दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा सकता है। बता दें कि पिछले दिनों अरविंद ने अंजू और नसरुल्लाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी, जिसके बाद साफ हो गया था कि यदि अंजू वापस भारत आती है तो उसकी मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी। अरविंद ने कहा, ”दो महीने बाद आएगी, तो उसके पहले उसकी खाल निकालेंगे। यह उसे समझ नहीं आ रहा है।”
बता दें कि अंजू पिछले महीने पाकिस्तान चली गई थी। वहां से उसने अपने पति अरविंद और बच्चों को बताया तो वे हैरान रह गए। इसके बाद उसने नसरुल्लाह से निकाह भी कर लिया और अपना धर्म भी बदल दिया। दोनों का वेडिंग वीडियो के भी सामने आने से हड़कंप मच गया था। हालांकि, शुरुआत में दोनों निकाह को अफवाह बताते रहे, लेकिन स्थानीय मीडिया ने इसकी पुष्टि कर दी। इसके बाद एक पाकिस्तानी कारोबारी ने अंजू और नसरुल्लाह को प्लॉट देने का भी ऐलान किया था। साथ ही, यह भी कहा था कि अगर अंजू को पाकिस्तानी नागरिकता मिलती है तो वह उसे अपनी कंपनी का ब्रांड अम्बेस्डर बनाएगा और घर बैठे सैलरी भी देगा।