बागपत। बागपत जिले के बड़ौत के गुराना गांव में शुक्रवार देर रात डीटीसी बस चालक यशवीर (32) की उसके दो भाइयों ओमवीर व उदयवीर ने गोली मारकर हत्या कर दी। बड़े भाई सुखबीर की मौत के बाद उसकी पत्नी रितु की शादी यशवीर के साथ करा दी गई थी। इसलिए ही उनके बीच कई बार झगड़ा भी हुआ और दोनों भाई रंजिश रखते थे।
ग्रामीणों के अनुसार चारों भाइयों में सुखबीर सबसे बड़ा था, जबकि ओमवीर (36), उदयवीर (35) और यशवीर (32) था। सुखबीर की मौत के बाद पत्नी रितु के मायके वालों ने सुखवीर के सबसे छोटे भाई यशवीर के साथ उसकी शादी करा दी थी।
इसके बाद लगभग हर दिन लोग ओमवीर और उदयवीर को ताने मारने लगे कि तुम दोनों की इज्जत नहीं है। तुम दोनों के होते हुए भी छोटे भाई यशवीर से उसकी शादी कर दी गई। रितु को सुखवीर से तीन और यशवीर से एक बच्चा है।
दोनों के लिए ताने सुनने आए दिन की बात हो गई थी। कभी वे इसका जवाब देते तो कई बार चुप रह जाते। फिर भी दोनों के दिमाग में कुंठा और कलह बढ़ती जा रही थी। दोनों यशवीर से मन ही मन रंजिश रखने लगे।
बाद में जब-तब तनातनी और झगड़े होने लगे। दो महीने पहले दोनों ने मां संगीता और यशवीर से झगड़ा कर लिया था। बताया जाता है कि पुलिस की मौजूदगी में यशवीर को दोनों भाइयों ने जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
इस योजनाबद्ध हत्या में ओमवीर ने यशवीर का हाथ पकड़ा और दूसरे भाई उदयवीर ने यशवीर की छाती में गोली मार दी। गोली लगने से यशवीर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद जब तक यशवीर की मौत नहीं हुई तब तक आरोपियों ने उसे दबोचे रखा। इस दौरान यशवीर ने उनसे बचने का भी प्रयास किया, छीनाझपटी में ओमवीर व उदयवीर को भी मामूली चोटें आई हैं।