मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में पिता ने शराब के नशे में अपनी 15 वर्षीय पुत्री के साथ दुष्कर्म किया। पत्नी ने विरोध किया तो उससे मारपीट की और तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी दी। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसका पति 15 वर्षीय पुत्री के साथ कई दिन से शारीरिक संबंध बना रहा था। किसी को बताने पर पुत्री को जान से मारने की धमकी देता था। इससे उसकी बेटी असहज रहने लगी। उसने पुत्री से कारण पूछा तो उसने पिता की घिनौनी हरकत के बारे में बता दिया।

यह सुनकर किशोरी की मां के होश उड़ गए। मंगलवार को उसने पति के सामने विरोध जताया तो रात के समय वह शराब पीकर आया और उसके साथ झगड़ा किया। घर से बाहर गली में घसीटकर उसे पीटा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। सुबह वह अपने पुत्र के साथ मायके चली गई। बुधवार दोपहर पति ने शराब पीकर फिर से बेटी के साथ दुष्कर्म किया।

अगले दिन वह मायके से लौटी तो उसने पिता की करतूत के बारे में बताया। मां पुत्री को लेकर थाने पहुंची और पति के खिलाफ तहरीर दी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। आरोपी को शनिवार को चालान कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।