मेरठ. मेरठ में गढ़ रोड स्थित शादी के मंडप के सामने बुधवार की रात को डीजे पर डांस करते हुए महिला बाराती के साथ इंडियन अस्पताल के कर्मचारियों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर दोनों तरफ से मारपीट शुरू हो गई। कर्मचारियों ने अस्पताल की छत से पथराव कर दिया, जिससे तीन बाराती लहूलुहान हो गए। बाद में बारातियों ने भी अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मामले को शांत किया। गढ़ रोड पर मेडिकल कालेज और तेजगढ़ी के बीच में मंडप के अंदर शादी समारोह चल रहा था। बाराती डीजे पर डांस कर रहे थे। डीजे बजाते हुए बारात इंडियन अस्पताल के सामने से गुजरी। उस समय महिलाएं डीजे पर डांस कर रही थी। बारातियों का कहना है कि इंडियन अस्पताल के कर्मचारियों ने डीजे पर डांस कर रही महिला बाराती से छेड़छाड़ कर दी। महिला बाराती ने इसका विरोध किया। उसके बाद बारातियों ने कर्मचारियों की घेराबंदी कर दी, जिस पर अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौके पर आ गए।
दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। उसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों ने बारातियों पर पथराव कर दिया। पथराव में तीन बाराती लहूलुहान हो गए, जिन्हें उपचार दिलाया जा। बाद में आक्रोशित बारातियों ने अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। सूचना के बाद मेडिकल और नौचंदी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल में तोडफोड़ करने वाले दो बारातियों को पकड़कर पुलिस थाने ले गई।
बाराती और अस्पताल के कर्मचारियों में पथराव के दौरान सूचना के काफी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। करीब तीस मिनट तक मंडप और अस्पताल के बाहर भगदड़ मची रही। पीआरवी के मौके पर पहुंचने के बाद ही दोनों पक्षों के लोग शांत हुए। इंस्पेक्टर संत शरण ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस तुरंत पहुंच गई थी।
अस्पताल के कर्मचारियों पर बारातियों ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था, जिस पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। पुलिस ने दो बाराती को पकड़ लिया था। हालांकि बाद में छोड़ दिया गया।
बाराती तेज आवाज में अस्पताल के बाहर डीजे बजा रहे थे। तभी एक कर्मचारी ने डीजे की आवाज कम करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर बाराती बिफर गए। उन्होंने अस्पताल के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की है। पुलिस दो बारातियों को अपने साथ पकड़कर ले गई है। हालांकि समझौते का प्रयास चल रहा है।