मेरठ. मंडल के प्रभारी वित्त एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री सुरेश खन्ना ने शुक्रवार को यहां केली प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्‍हें अपने बचपन के दिन याद आ गए। उन्‍होंने पठन-पाठन की गुणवत्‍ता परखने के लिए छात्रों से कई सवाल भी किए। छात्र अंश से 19 का पहाड़ा सुना। मंत्री सुरेश खन्ना शुक्रवार की सुबह छह बजे हापुड़ से मेरठ सर्किट हाउस पहुंचे।

यहां उन्‍होंने लोस चुनाव को लेकर जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्‍होंने उनसे मंडल में संचालित विभिन्‍न विकास योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली। खासकर बिजली आपूर्त‍ि, कानून व्‍यवस्‍था, पेयजल आपूर्त‍ि के बारे में बारीकि से पूछा। मौके पर आए डीएम दीपक मीणा से कांवड़ यात्रा को लेकर जानकारी ली। डीएम ने मंत्री को कांवड़ यात्रा के दौरान की गई तैयारियों के बारे में जानकारी दी।

संसदीय कार्य मंत्री ने बाद में खरखौदा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्‍होंने वहां उपलब्‍ध दवाओं के बारे में जानकारी ली। सुरेश खन्‍ना शहीद स्मारक में संग्राहालय का भ्रमण किया। दोपहर में मंत्री सर्किट हाउस में डीआइसी के जीएम और उद्यमियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 12 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहिउददीनपुर परिसर में बनी आधार शिला का निरीक्षण भी करेंगे।