अमरोहा।   पत्नी की मौत के बाद सदमे में चल रहे मजदूर निक्की (22) ने फंदे पर लटक कर जान दे दी। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया है। मृतक मजदूर निक्की डिडौली कोतवाली क्षेत्र के ड्यूटी वाजिदपुर गांव के रहने वाले थे। तीन भाइयों में सबसे छोटे निक्की की शादी करीब डेढ़ साल पहले सुमन के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक तीन महीने पहले डिलीवरी के दौरान अस्पताल में सुमन की मौत हो गई थी। तभी से निक्की मानसिक रूप से परेशान रहने लगा।

हर समय अपनी पत्नी सुमन के बारे में बात करता रहता था। पत्नी के पास जाने की बात कहता था। बुधवार की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद कमरे में जाकर सो गए थे। लेकिन रात में किसी समय निक्की ने अपने कमरे में फंदे पर लटक कर आत्महत्या कर ली।

बृहस्पतिवार की सुबह परिजनों ने आवाज लगाई तो कोई आहट नहीं हुई। इसके बाद परिजनों ने खिड़की से झांक कर देखा तो निक्की का शव फंदे पर लटका हुआ था। परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सीओ सिटी अरुण कुमार ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।