रामपुर। गंज क्षेत्र के मुहल्ला बगीचा आमना हाते वाली गली में शनिवार को घरेलू विवाद में शावेज ने पहले पत्नी शहाना की चाकू मारकर हत्या कर दी। बाद में खुद भी चाकू से वार कर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक शावेज के नशा ज्यादा करने को लेकर परिवार में विवाद रहता था। इसी वजह से पत्नी दोनों बच्चों को लेकर कुछ दिन पहले मायके कांशीराम कालोनी पहाड़ी गेट जाकर रहने लगी थी। एक दिन पहले ही समझौता होने पर वह ससुराल आई थी। शनिवार को फिर दोनों के बीच विवाद हो गया। शहाना की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि स्वजन शावेज को घायल अवस्था में अस्पताल ले गए। जहां उसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

गंज कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला बगीचा आमना हाते वाली गली की घटना है। यहां सरकारी योजना के तहत बने इंदिरा आवास में शावेज पुत्र परवेज पत्नी शहाना और दो बच्चों के साथ रहता था। दोनों की छह साल पहले शादी हुई थी। शावेज कारचोब का काम करता था। वह नशे का आदी बताया जाता है। इसी को लेकर उसका पत्नी से विवाद होता था। पत्नी बच्चों को लेकर मायके कांशीराम कालोनी पहाड़ी गेट में रहने लगी थी।

शुक्रवार को पंचायत के बाद पत्नी वापस आ गई थी। शनिवार को फिर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में शावेज ने पत्नी पर चाकू से वार कर दिए। इससे उसकी मृत्यु हो गई। बाद में उसने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस आ गई। घायल शावेज को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी भी मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी पर सीओ सिटी अनुज चौधरी, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी शरद पंवार और गंज कोतवाल लव सिरोही मौके पर पहुंच गए।

फारेसिंक टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी। मृतका की मां शकीला का कहना था कि बेटी काफी समय से मायके में रह रही थी। एक दिन पहले ही दामाद के भाई व अन्य स्वजन आए थे। अपनी जिम्मेदारी पर बेटी को ले गए थे। उनका आरोप है कि दामाद के भाई व अन्य स्वजन ने जिम्मेदारी ली थी। अब वही उसकी मौत के जिम्मेदार हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। सीओ सिटी ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पति ने पत्नी की हत्या कर खुद को भी मार लिया है।