फिरोजाबाद। बात छोटी सी थी, लेकिन दबंगों ने उसकी जान ले ली। वो मां-बाप का इकलौता बेटा था और तीन मासूम बेटियों का पापा। कपड़ों की फेरी लगाकर परिवार का गुजारा करता था। स्कार्पियो सवार दबंगों ने परिवार की खुशियां और बेटियों के भविष्य को कुचल डाला और फरार हो गए। पहले मां-बाप सड़क दुर्घटना मानकर किस्मत को कोस कर रहे थे, मगर स्कार्पियो से कुचलने की तस्वीरें देखीं तो कलेजा फट गया। पूरा परिवार रो-रोकर हत्यारों को सजा की मांग कर रहा है।

गुरुवार की रात नगला खंगर थाना क्षेत्र के गांव नगला ताल निवासी 28 वर्षीय विनय सिंह अपने फूफा कमल और उनके दोस्तों के साथ खाना खाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विनय के साथियों में से किसी ने कुल्ला कर दिया, जिसके छींटे स्कार्पियो से आए युवकों में से एक के पैर पर पड़ गए। इस पर वह भड़क गया तो विनय ने उसे रोका। इसके बाद विनय से विवाद शुरू हुआ। बाद में विवाद थम गया और स्कार्पियो सवार सड़क पर आ गए। विनय निकलकर आ गया। विनय आने वाले किसी भी तरह के हमले से अनजान था। स्कार्पियो सवार गाड़ी में बैठे। ड्राइवर ने गाड़ी बैक की और सीधे विनय पर चढ़ा दी। इसके बाद भाग गए।

विनय की शादी छह वर्ष पूर्व इटावा निवासी रानी से हुई थी। दोनों की तीन बेटियां सौम्या, प्राची और छोटी हैं। विनय साप्ताहिक बाजारों में कपड़ों की फेरी लगाता था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो मासूम बेटियों को रोता देख गांव वाले भी रो पड़े।

मृतक विनय के फूफा कमल का कहना है कि स्कार्पियो पर सपा का झंडा लगा था और पीछे विधायक लिखा था। सीसीटीवी रिकार्डिंग में ये नहीं दिख रहा है। पुलिस का कहना है कि गाड़ी पकड़े जाने के बाद कुछ कहा जा सकेगा।

घटना रात लगभग पौने तीन बजे की है। राजा का ताल पर घटना दो ढ़ाबों के बीच हुई। उस समय दोनों ढाबों पर ग्राहक थे, लेकिन स्कार्पियो से कुचले जाने की घटना पर कोई नहीं बोला। विनय के साथ वाले उसे लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे थे। साथ वाले इसे हादसा मान रहे थे, शुक्रवार को सीसी देखने के बाद हत्या की तहरीर दी।