मेरठ। पल्लवपुरम फेस वन स्थित सिंचाई विभाग के हिमगिरी फील्ड हॉस्टल के परिसर में शुक्रवार को अवर अभियंता मुकेश कुमार (41) का शव पड़ा मिला। मुकेश का शव परिसर में खून से लथपथ मिलने की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस छत से गिरकर मौत होने की बात कह रही है।
मूलरूप से उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के गांव बनकोट निवासी मुकेश पुत्र गोविंद सिंह मेरठ में सिंचाई विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत थे। वह वर्तमान में अपने परिवार के साथ दिल्ली के द्वारकापुरी में रह रहे थे। उनके एक बेटा व एक बेटी है। मेरठ में सिंचाई विभाग में तैनाती होने के कारण वह विभाग के हिमगिरी फील्ड हॉस्टल में रह रहे थे।
शुक्रवार की सुबह उनका शव हॉस्टल के परिसर में केयर टेकर सुंदर ने पड़ा देखा तो मामले की जानकारी पुलिस को दी। सिंचाई विभाग के अधिकारी, कर्मचारी व पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी ली। उनकी जेब से कुछ रुपये, गुटखे व पैन कार्ड आदि बरामद हुए। पुलिस ने उनके परिजनों को फोन पर जानकारी दी। उनकी पत्नी बबीता पल्लवपुरम पहुंची। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को बबीता के सुपुर्द कर दिया। बबीता शव लेकर दिल्ली रवाना हो गई।
पल्लवपुरम थाना प्रभारी मुन्नेश सिंह ने बताया कि मुकेश की मौत को लेकर जांच की जा रही है। अभी परिजनों ने इस संबंध में उन्हें कोई शिकायत पत्र नहीं सौंपा है।
मुकेश की मौत ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में रात के समय में ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। ऐसे में मुकेश रात में छत पर क्या करने गए। पैर फिसलने से उनकी मौत हुई? मुकेश ने आत्महत्या की या किसी ने उन्हें धक्का देकर हत्या की? तमाम सवाल अभी पुलिस के सामने हैं। पुलिस मुकेश की मौत की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है।