बागपत । उत्तर प्रदेश के बागपत में अपराध पुलिस के नियंत्रण से बिल्कुल बाहर है। इसका ताजा उदाहरण आज जिले के दोघट थानाक्षेत्र में सामने आया। यहां बेखौफ बदमाशों ने पूर्व ग्राम प्रधान के सोते हुए बेटे को गोलियों से भून डाला। वारदात को अंजाम देकर आरोपी बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। घटना की छानबीन की जा रही है। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
जानकारी के अनुसार दोघट थानाक्षेत्र के कान्हड़ गांव में पूर्व प्रधान राजसिंह के बेटे की घर में सोते हुए गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और इसकी छानबीन शुरू कर दी है।
बताया गया कि कान्हड़ गांव में पूर्व प्रधान राजसिंह का बेटा सहदेव रविवार की रात को अपने घर में सोया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने सोते हुए उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। उसे सिर में गोली मारी गई है। वहीं वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए।
वहीं, गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे, लेकिन तब तक सहदेव की मौत हो चुकी थी। उसका शव लहूलुहान अवस्था में घर के आंगन में चारपाईपर पड़ा था। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर दोघट थाना पुलिस के अलावा एएसपी मनीष मिश्र, सीओ बड़ौत आलोक भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की गई। एएसपी मनीष मिश्र का कहना है कि अभी घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो रहा है और हत्यारोपियों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।