लखनऊ. खाद्य एवं रसद विभाग पांच जिलों मेरठ, कानपुर नगर, चित्रकूट, हरदोई और उन्नाव में अंत्योदय कार्डधारकों को केरोसिन का वितरण करेगा। इन जिलों में पुराने वितरण का कुल ढाई लाख लीटर केरोसिन बचा है। इनमें से 55 हजार लीटर डेंगू की रोकथाम के लिए रिजर्व रखा जाएगा।

अपर आयुक्त खाद्य रसद अनिल दुबे ने बताया कि इन पांच जिलों में उस वक्त का ढाई लाख लीटर केरोसिन बचा हुआ है। इसलिए अब इसे बांटने का निर्णय लिया गया है। अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड तीन लीटर केरोसिन दिया जाएगा। इनके लिए रेट भी वही रहेगा, जो वर्ष 2021 में था। पर अलग-अलग जिलों में अलग-अलग दर से केरोसिन का वितरण होगा। क्योंकि इसमें डिपो से राशन की दुकान तक का किराया जोड़कर जिलाधिकारी रेट तय करते हैं। मेरठ जिले में सर्वाधिक दो लाख चार हजार लीटर केरोसिन बचा है।

इसमें से 55 हजार लीटर मलेरिया विभाग को व्यावसायिक दर पर दिया जाएगा। शेष केरोसिन अंत्योदय कार्डधारकों को बांटा जाएगा। इसके अतिरिक्त कानपुर नगर, चित्रकूट, हरदोई और उन्नाव में भी बचे हुए केरोसिन का वितरण किया जाएगा।