चंडीगढ़: जनता के साथ हुई लूट के मामले पुलिस द्वारा सुलझाए जाते हैं और उन्हें न्याय दिलाया जाता है लेकिन अब इससे उल्टा सुनने को मिल रहा है। दरअसल, चंडीगढ़ के एक पुलिस स्टेशन के एडिशनल एस.एच.ओ. नवीन फोगाट पर पंजाब के एक व्यापारी से करोड़ों की लूट का गंभीर आरोप लगा है। उक्त एस.एच.ओ. नवीन फोगाट पर एक करोड़ रुपए की लूट का आरोप है और नवीन फोगाट चंडीगढ़ के थाना 39 में बतौर एडिशनल एस.एच.ओ. तैनात था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब के ज़िला बठिंडा के बिज़नेसमैन ने नवीन फोगाट पर अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ मिलीभगत कर उसका अपहरण करने तथा उससे एक करोड़ रुपए की लूट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने उक्त एस.एच.ओ. के विरुद्ध केस दर्ज़ कर उसकी तलाश आरंभ कर दी है। बताया जा रहा है कि नवीन फोगाट ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ मिल कर 2 हज़ार के नोट बदलने की एवज़ में बठिंडा के व्यापारी को अगवा किया और उससे करोड़ों लूटे। मामला जब एस.एस.पी. कंवरदीप कौर तक पहुंचा तो इस बात का खुलासा हुआ। गौर हो कि डी.एस.पी. चरणजीत सिंह इस मामले में इन्वेस्टिगेशन कर रहे हैं। इससे पहले भी नवीन फोगाट पर दुष्कर्म जैसे आरोप लग चुके हैं जिसके बाद उसे सस्पेंड कर दिया गया था और कुछ समय पूर्व ही उसने रेप केस से बरी होने पर दोबारा ड्यूटी जॉइन की थी।