लखनऊ. प्रदेश भर में शुष्क मौसम और लू से घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। पश्चिमी प्रदेश के कुछ स्थानों पर अगले चार दिनों तक भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि अगले दो दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिले लू से प्रभावित होंगे। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में आने वाले चार दिनों तक भीषण लू की चेतावनी जारी की गई है।
शनिवार राजधानी का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान आगरा में 45.0 डिग्री सेल्सियस, कानपुर में 44.6 डिग्री सेल्सियस और प्रयागराज में 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में न्यूनतम तापमान मुजफ्फरनगर में 16.8 डिग्री सेल्सियस और मेरठ में 17.9 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। शनिवार को शहर का एक्यूआइ स्तर 220 रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक शहर का अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रहने की आशंका है।