मेरठ. बुधवार सुबह सैन्य अफसर का पत्नी से विवाद हो गया था। तभी विवाहिता की अंगुली के आगे का हिस्सा कट गया। लहूलुहान हालत देख सैन्य अफसर ने पत्नी को कैंट स्थित मिलिट्री हास्पिटल में भर्ती कराया। इसी बीच विवाहिता ने हास्पिटल स्टाफ का फोन लेकर घटना की जानकारी अपने पिता को दी। उनके पहुंचने से पहले सैन्य अफसर पत्नी को डिस्चार्ज कराकर निजी अस्पताल लेकर चला गया था। जिसका महिला के पिता ने विरोध किया था।

दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित गाडविन गाल्डन हाईट्स निवासी सुदेशपाल सिंह तोमर इंडियन नेवी से सेवानिवृत्त है। उन्होंने अपनी बेटी पूजा की शादी वर्ष 2014 में एरा अपसन कालोनी निवासी अर्जुन राठी से की थी। मेजर अर्जुन राठी कैंट स्थित 510 आर्मी बेस में कोर आफ इलेक्ट्रानिक्स एंड मैकेनिकल इंजीनियर्स में तैनात है। दंपती के पांच साल का बेटा भी है। बेटी की शादी के बाद सुदेशपाल बंगलुरू चले गए थे। सोमवार सुबह वह दिल्ली एक रिश्तेदार के घर आए थे। तभी उन्हें पूजा ने बताया कि दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर अर्जुन ने पिटाई कर उसकी अंगुली काट दी।

सुदेशपाल अपने स्वजन को लेकर गंगानगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। जिन्हें देखकर मेजर भड़क गए और मारपीट करने का प्रयास किया। एएसपी कैंट चंद्रकांत मीणा ने बताया कि पूजा के स्वास्थ्य में सुधार है। दंपती ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। जिस आधार पर अर्जुन राठी पर आईपीसी की धारा 498अ, 323, 504, 506 और 307 में मुकदमा दर्ज कर लिया। जबकि पूजा पर आईपीसी की धारा147, 149, 323, 504 और 506 में मुकदमा दर्ज किया गया है।