परीक्षितगढ़। नगर के खजूरी दरवाजा में एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थिति में फंदे पर लटकी मिली। मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर फंदा लगाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस मामले में पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जिला बिजनौर की थाना कोतवाली शहर के गांव तिवड़ी निवासी मनोज पुत्र राम किशन ने तहरीर में आरोप लगाते हुए बताया कि उसने पुत्री सोनिका उर्फ सोनिया (25) की शादी परीक्षितगढ़ के मोहल्ला खजूरी दरवाजा निवासी रवि पुत्र बलबीर के साथ इसी वर्ष 18 फरवरी को की थी।
पीड़ित पिता का आरोप है कि ससुराल वाले आए दिन सोनिका के साथ दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर शोषण करते थे। पुत्री ने कई बार फोन पर अपने साथ हुए अत्याचार की जानकारी भी दी थी। ससुराल पक्ष के लोगों ने मंगलवार की रात सोनिका उर्फ सोनिया की फंदा लगाकर हत्या कर दी। मृतका के ससुर बलबीर ने फोन पर पुत्री की फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी थी। रात में ही परिजनों के साथ बेटी के ससुराल पहुंचे तो देखा कि बेड पर सोनिका मृत अवस्था में पड़ी हुई थी। शव देखकर से प्रतीत हो रहा था कि ससुराल पक्ष के लोगों ने फांसी लगाकर उसकी हत्या की है।
पूछताछ करने पर ससुराल पक्ष के लोग संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मृतका के पिता ने थाना पुलिस को हत्या की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने मृतका के पति रवि, ससुर बलबीर, देवर रोहित, सास बबीता, नंद राखी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पति रवि व ससुर बलवीर को गिरफ्तार कर लिया।
दो दिन पूर्व ही सोनिका के देवर रोहित की शादी हुई थी। नव नवेली दुल्हन के स्वागत के लिए संगीत गीत की रस्म चल रही थी। इसी रात रवि की पत्नी सोनिका उर्फ सोनिया की संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने पर परिवार की खुशियां गम में बदल गई।